Yuva Haryana: हरियाणा में प्राइवेट बिजली सप्लाई को लेकर चल रहे विवाद के बीच अब हरियाणा इलेक्ट्रिसिटी रेगुलेटरी कमीशन (एचईआरसी) अपने फैसले की समीक्षा करेगा। इसे लेकर दक्षिणी हरियाणा बिजली वितरण निगम एवं उत्तरी हरियाणा बिजली वितरण निगम की ओर से दायर याचिका को मंजूर कर लिया गया है, जिस पर सुनवाई 7 दिसंबर को होगी। निगमों ने प्राइवेट कंपनी ‘इलेवन पावर’ को गुरुग्राम व नूंह जिलों में समानांतर बिजली सप्लाई करने के फैसले को वापस लेने की मांग याचिका में की है।
इस सबके बीच यह भी सामने आया है कि अडानी पावर ने भी एचईआरसी में सोनीपत व फरीदाबाद जिलों में बिजली सप्लाई लाइसेंस के लिए आवेदन किया है। हालांकि, अभी आयोग में भी इस आवेदन को लेकर मामला होल्ड पर रखा गया है। चूंकि इलेवन पावर को लेकर पहले ही प्रदेश में विवाद हो गया है, ऐसे में अडानी पावर की याचिका पर कोई प्रक्रिया शुरू नहीं की गई है।
एप्टेल में आज होगी याचिकाओं पर सुनवाई
एचईआरसी ने 28 अक्टूबर 2026 को आदेश जारी कर गुरुग्राम और नूंह में इलेवन पावर प्राइवेट लिमिटेड को दिए गए 25 साल के समानांतर बिजली वितरण लाइसेंस की कार्रवाई फिलहाल रोक दी है। इंजीनियरिंग एसोसिएशन के राज्य प्रधान पुनीत कुंडु के अनुसार, कंपनी ने सरकार के इस निर्देश को एप्टेल में चुनौती दी है, जबकि एसोसिएशन ने एचईआरसी में रिव्यू पिटीशन दायर की है जिस पर अगले माह सुनवाई होगी। वहीं, लाइसेंस के खिलाफ पूर्व मंत्री संपत सिंह की याचिका और कंपनी की याचिका पर बुधवार को एप्टेल में सुनवाई होगी।

