Yuva Haryana: कैथल के पिहोवा मंडी में धान की सरकारी खरीद में एक बहुत बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। इस घोटाले को अंजाम देने वाले शातिर लोग यह भूल गए कि एक सामान्य ट्रैक्टर-ट्रॉली में 100 मन से अधिक धान आ ही नहीं सकता। लेकिन घोटालेबाजों ने हद पार करते हुए एक ही ट्रॉली में 250 मन (यानी 104 क्विंटल) धान तक का वजन दिखा दिया। इससे स्पष्ट है कि धान खरीद के सभी मानकों की धज्जियां उड़ाकर इस बड़ी गड़बड़ी को अंजाम दिया गया है, जिसके बाद सरकार ने पूरे प्रदेश में जांच के आदेश दे दिए हैं।
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि गेट पास में जिन ट्रैक्टर-ट्रैक्टरियों के नंबर दिखाए गए हैं, वे भी संदेह के दायरे में हैं। सूत्रों का कहना है कि ये नंबर ट्रैक्टर के बजाय किसी अन्य वाहन (जैसे बाइक या कार) के हो सकते हैं। 80 से लेकर 104 क्विंटल तक धान ढोने वाली ट्रॉलियों के संबंध में भाकियू के प्रदेश प्रवक्ता प्रिंस बड़ैच ने बताया कि गेट पास में दर्ज वाहनों के नंबरों में से एक से दो मिनट के अंतराल पर भारी संख्या में पास काटे गए हैं, और जांच करने पर वे सभी नंबर बंद या फर्जी पाए जा रहे हैं।
पोर्टल पर गड़बड़ी और फर्जी पंजीकरण
पिहोवा मंडी में सबसे ज्यादा फर्जीवाड़ा सामने आया है। जाजनपुर के एक ही परिवार के पांच लोगों ने बारोट और टीक की करीब 100 एकड़ से ज्यादा जमीन का फर्जीवाड़ा किया है। एक पूर्व मंत्री की दुकान पर भी फर्जी धान बिका हुआ दिखाया गया है, जिसकी जांच पटवारी कर रहे हैं। इसके अलावा बालू, बाता, नरड़, बाबा लदराना, बारोट और टीक गांवों की जमीनों पर भी फर्जी तरीके से पोर्टल पर पंजीकरण कराया गया है। बाबा लदराना, बारोट और टीक सहित करीब एक दर्जन गांवों की जमाबंदी 2024-25 में नई बनी है, और इन्हीं गांवों में गड़बड़ी सबसे ज्यादा पाई गई है।
पूरे प्रदेश में होगी जांच, अधिकारियों को निर्देश
खरीफ 2026 के दौरान मेरी फसल-मेरा ब्यौरा (एमएफएमबी) पोर्टल पर पंजीकरण के दौरान कई भूमि के कई बार पंजीकरण होने के मामले सामने आए हैं। जमाबंदी अवधि, ख्रेवत और खतौनी के विवरण में बदलाव के कारण एक ही भूमि के एक से अधिक पंजीकरण किए गए हैं। कृषि विभाग ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित डीआरआरओ, तहसीलदार और नायब तहसीलदार के लॉगिन से सत्यापन करवाने के निर्देश दिए हैं ताकि खरीफ सीजन समाप्त होने से पहले दोहरे पंजीकरणों की जांच प्राथमिकता के आधार पर पूरी की जा सके। कैथल के सात गांवों में इस मामले की जांच शुरू भी हो चुकी है।

