Yuva Haryana: हरियाणा में अग्निवीरों के भविष्य और सरकारी नौकरियों में उनके आरक्षण को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। केंद्र सरकार द्वारा अग्निवीरों की सेवा अवधि में दो साल का अतिरिक्त विस्तार देने के बाद, हरियाणा सरकार को राज्य में नौकरियों के आरक्षण को लेकर नए सिरे से योजना बनानी पड़ सकती है।
2,227 युवाओं को मिलेगा सीधा लाभ
राज्य में 4 वर्ष की सेवा पूरी कर वापस लौटने वाले 2,227 अग्निवीरों को सरकारी नौकरियों में आरक्षण देने के लिए पहले ही रूपरेखा तैयार कर ली गई थी। हालांकि, केंद्र सरकार ने अब सेवा विस्तार के लिए अग्निवीर की सहमति का विकल्प भी रखा है, जिससे इन युवाओं को दो साल का अतिरिक्त सेवा विस्तार मिलेगा।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की घोषणा
प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पहले की घोषणा कर चुके हैं कि राज्य में आने वाले सभी पूर्व अग्निवीरों को सरकारी नौकरियों के लिए सीधा जॉइनिंग लेटर देने की योजना है। इसके तहत निम्नलिखित प्रावधान तय किए गए थे:
ग्रुप-बी नौकरियां: इसमें 1 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है, जिसके लिए लिखित परीक्षा जारी रखी गई है।
ग्रुप-सी नौकरियां: इस श्रेणी के तहत पुलिस कांस्टेबल, वन रक्षक, जेल वार्डर, माइनिंग गार्ड, वाइल्डलाइफ गार्ड और फायर ऑपरेटर-सह-ड्राइवर जैसे चिन्हित विभागों में 20 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान रखा गया है।
परीक्षाओं से छूट: ग्रुप-सी की सीधी भर्ती में लिखित परीक्षा, शारीरिक माप परीक्षण और शारीरिक जांच परीक्षण से छूट दी गई है। साथ ही, सामान्य पात्रता परीक्षा (CET) से भी छूट का प्रावधान किया गया है।
अब दो साल के सेवा विस्तार के फैसले के बाद राज्य सरकार इस पूरी आरक्षण नीति और प्लानिंग में बदलाव या नए सिरे से समीक्षा कर सकती है।

