Yuva Haryana : इंडियन नेशनल लोकदल के एक नेता की हत्या से हरियाणा में सनसनी फैल गई है। दरअसल, इनेलो युवा हलका अध्यक्ष एवं प्रॉपर्टी डीलर भूपेंद्र दहिया अपने घर से 12 लाख रुपए लेकर ऑफिस गए थे और उसके बाद उनका शव मिला।
राई हलका में गांव नाहरी के निवासी भूपेंद्र की उनके कार्यालय में हत्या कर दी गई। दिल्ली स्थित उनके कार्यालय में उनका शव पाया गया।

परिजनों के अनुसार वीरवार की शाम को भूपेंद्र दहिया घर से नकदी लेकर किसी को पेमेंट करने की बात कहकर घर से निकले थे। शाम को उनकी परिजनों से बातचीत भी हुई थी और उन्होंने घर के लिए कुछ सामान भी खरीदा था।
लेकिन, इसके बाद परिजनों का संपर्क भूपेंद्र नहीं हो पाया। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर उनकी पत्नी ने भूपेंद्र के भाई को सूचित किया और जिसके बाद भूपेंद्र को तलाशने पर ऑफिस में उनका शव मिला।
इसके बाद सूचना पाकर नरेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस का कहना है कि इस मामले की जांच के लिए कई पुलिस टीमों का गठन कर दिया है। अभी तक हत्या करने वालों का कोई सुराग नहीं लगा है, लेकिन जल्द इस मामले की गुत्थी को सुलझाया जाएगा। उधर, सोनीपत पुलिस ने भी इस मामले में दिल्ली पुलिस की हर संभव मदद करने की बात कही है।
नरेला पुलिस के मुताबिक वारदात स्थल और आसपास के क्षेत्र में कोई सीसीटीवी नहीं लगा है और इलाका भी अंधेरा भरा है। भूपेंद्र की हत्या सिर के पिछले हिस्से में भारी हथियार से वार करके की गई है। शव के पास एक लोहे के चौड़े पात्र में अधजले नोट भी मिले है। शव को जलाने का भी प्रयास किया गया है।



