Yuva Haryana: दीपावली के बाद सोमवार को सिरसा में राजनीतिक नेताओं के आवासों पर ‘राम-रमी’ के लिए समर्थकों का तांता लगा रहा। इस दौरान विभिन्न विधायकों, पूर्व मंत्रियों और राजनीतिक नेताओं ने अपने समर्थकों से मुलाकात की, उनका कुशलक्षेम जाना और मौजूदा राज्य सरकार की नीतियों पर जमकर निशाना साधा।
विधायक गोकुल सेतिया का बयान
विधायक गोकुल सेतिया ने अपने निवास पर समर्थकों और शहरवासियों से मुलाकात करते हुए प्रदेश सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम सरकार को सद्बुद्धि दें ताकि वह जनभावनाओं के अनुरूप काम कर सकें। उन्होंने सिरसा शहर के मौजूदा हालात और मंदी के दौर के लिए सरकार की नीतियों को जिम्मेदार ठहराया। विधायक ने कहा कि फतेहाबाद क्षेत्र में किसानों को नहरों का पानी नहीं मिला, जिसके कारण त्योहार के मौके पर भी किसानों को अपनी मांगों के लिए संघर्ष करने पर मजबूर होना पड़ा। उन्होंने किसान नेता रवि आजाद का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने किसानों को हजारों करोड़ रुपये का मुआवजा दिलाने के लिए संघर्ष किया, लेकिन आज वे गलत आरोपों और राजनीति के भेंट चढ़कर जेल में हैं। गोकुल सेतिया ने यह भी कहा कि जनता ने सरकार को चुनकर जिम्मेदारी सौंपी है, लेकिन सरकार लोगों को नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब सिरसा में, जो मुख्यमंत्री का गृह जिला है, इतनी खराब स्थिति है तो प्रदेश के अन्य क्षेत्रों के हालातों का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।
रणजीत चौटाला और दिग्विजय चौटाला की मुलाकात
सोमवार को पूर्व बिजली मंत्री चौधरी रणजीत चौटाला के आवास पर जननायक जनता पार्टी (जजपा) के नेता दिग्विजय सिंह चौटाला पहुंचे और अपने ताऊ से राम-राम कर आशीर्वाद लिया। चौधरी रणजीत चौटाला ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनका स्वास्थ्य भी जाना। रणजीत चौटाला ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वह फरवरी में राजनीति को लेकर बड़ा ऐलान करेंगे। इसके लिए वे 1 दिसंबर को आदमपुर में, 10 दिसंबर को नलवा में और 30 दिसंबर को उकलाना में बैठक करेंगे, जिसके बाद जनवरी में बैठकों का दौर जारी रहेगा और फरवरी में अपनी राजनीतिक स्थिति स्पष्ट करेंगे।
अभय सिंह चौटाला का तेजाखेड़ा फार्म हाउस पर कार्यक्रम
इनेलो सुप्रीमो एवं ऐलनाबाद के पूर्व विधायक अभय सिंह चौटाला सोमवार को तेजाखेड़ा फार्म हाउस पहुंचे। डबवाली के विधायक आदित्य चौटाला और रानिया के विधायक अर्जुन चौटाला ने भी पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर हालचाल जाना। इस दौरान अभय चौटाला ने कहा कि स्वर्गीय चौधरी देवीलाल और स्वर्गीय ओमप्रकाश चौटाला के समय से चली आ रही परंपरा के अनुसार विश्वकर्मा दिवस पर वे यहां पहुंचकर सभी कार्यकर्ताओं और साथियों से राम-राम करते हैं। उन्होंने कहा कि आज स्वर्गीय ओमप्रकाश चौटाला हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी कमी लगातार महसूस होती है और उनके द्वारा स्थापित परंपराओं को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। अभय चौटाला ने जानकारी दी कि मंगलवार से प्रदेश स्तर पर बैठकों का सिलसिला शुरू होगा, जिसमें एक साथ तीन-तीन जिलों के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया जाएगा।

