Yuva Haryana: हरियाणा के हांसी क्षेत्र से हरिद्वार गंगा स्नान के लिए जा रहे छह दोस्तों की उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक भीषण सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकराई और पलट गई, जिसके बाद उसमें अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि कार में सवार सभी 6 दोस्तों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और वे अंदर ही जिंदा जल गए।
कैसे हुआ हादसा?
यह दर्दनाक हादसा सोमवार सुबह करीब 5 बजे यूपी के मुजफ्फरनगर में जग्गाहेड़ी के पास पानीपत-खटीमा नेशनल हाईवे पर हुआ। हांसी के 6 दोस्त एक ओरा कार में सवार होकर हरिद्वार जा रहे थे। तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकराई और डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में जाकर पलट गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिजली का खंबा टूट गया और लगभग 10 मीटर तक का डिवाइडर क्षतिग्रस्त हो गया। कार पलटने के तुरंत बाद उसमें आग भड़क उठी।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार के पलटते ही उसमें आग लग गई और अंदर बैठे युवकों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। राहगीरों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब 1 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद दमकलकर्मियों ने कार की खिड़कियां तोड़कर शवों को बाहर निकाला। आग इतनी भयानक थी कि शव बुरी तरह झुलस चुके थे, जिससे उनकी पहचान करना बेहद कठिन हो गया था।
मृतकों का विवरण और घर का पता
हादसे में जान गंवाने वाले सभी युवक 19 से 23 वर्ष की आयु के बीच के थे, जिनमें दो सगे भाई और दो छात्र भी शामिल हैं:
अंकित (19) और राहुल (22): दोनों राखी खास गांव के निवासी और सगे भाई थे। अंकित एसी-फ्रिज रिपेयरिंग का काम करता था, जबकि राहुल ट्रक बॉडी मेकिंग का काम करता था।
साहिल (21): राखी खास का रहने वाला था और 4 साल से ड्राइविंग करता था। वह छोटी दिवाली पर किसी की कार लेकर घर आया था, और इसी गाड़ी में सभी दोस्त सवार होकर निकले थे।
अंकित मलिक (23): यह भी गांव राखी खास का ही रहने वाला था।
अमन (21) और अजय (21): दोनों मोठ करनाैला गांव के रहने वाले थे और 12वीं कक्षा के आगे की पढ़ाई कर रहे थे।
कपड़ों के टुकड़ों और ब्रेसलेट से हुई शवों की शिनाख्त
मुजफ्फरनगर के एसपी देहात अक्षय संजय महादिक ने जानकारी दी कि हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। शवों की बुरी तरह जल जाने के कारण उनकी पहचान ब्रेसलेट और कपड़ों के अवशेषों से की गई:
- अजय की पहचान शर्ट के कपड़ों से हुई।
- अंकित की पहचान लोअर के टुकड़ों से की गई।
- साहिल की पहचान कलाई पर बंधे धागे से हुई।
- राहुल उर्फ डेनी की पहचान शर्ट के टुकड़ों से की गई।
हालांकि अंकित मलिक की सीधे तौर पर पहचान नहीं हो सकी, लेकिन अन्य 5 शवों की पहचान पुष्ट होने के आधार पर छठे शव को भी उसी का माना गया है।

