Yuva Haryana : हरियाणा में विशेष गहन संशोधन मतदाता सूची (एसआईआर) को लेकर चुनाव आयोग की तैयारियां जोरों पर चल रही है। प्रदेश में अब तक करीब 62 प्रतिशत मतदाताओं का मिलान होने के साथ-साथ 604 अधिकारियों की एक टीम भी तैयार कर ली गई है।
एक प्रमुख समाचार पत्र में प्रकाशित खबर के अनुसार एडीसी, एचसीएस, तहसीलदार और डीपीओ स्तर के 604 अधिकारियों की एसआईआर के लिए तैनाती की जाएगी। इनमें 90 ईआरओ, 180 एईआरओ और 334 एडिशनल एईआरओ शामिल है।
एसआईआर शुरू होने से पहले इन अधिकारियों की विधानसभा अनुसार ड्यूटी लगाई जाएगी। प्रत्येक विधानसभा में एक ईआरओ और दो-दो एईआरओ नियुक्त होंगे। ईआरओ में कई एडीसी, एसडीएम, डीआरओ, डीडीपीओ, तहसीलदार आदि शामिल होंगे। वहीं एईआरओ में बीडीपीओ, नायब तहसीलदार स्तर के अफसर होंगे।
एडिशनल एईआरओ के लिए कई विभागों के प्रमुख अफसर और प्रिंसिपल शामिल किए जाएंगे।
24 फरवरी को चुनाव ने नई दिल्ली में एक अहम बैठक बुलाई है। इसमें एसआईआर वाले राज्यों की तैयारियों का जायजा लिया जाएगा।
वहीं हरियाणा में मतदाता सूची का मिलान कार्य भी जारी है। प्रदेश में अब तक 1.28 करोड़ वोटर का मिलान हो चुका है। दादरी जिला करीब 82 प्रतिशत मतदाता सूची मिलान के साथ सबसे आगे चल रहा है। वहीं फरीदाबाद 27 प्रतिशत वोटर मिलान के साथ सबसे पीछे है।
सिरसा, नूंह, महेंद्रगढ़, कैथल, रेवाड़ी, जींद, यमुनानगर और भिवानी जिले में 70 से 80 प्रतिशत के बीच मतदाता सूची का मिलान कार्य पूरा हो चुका है। वहीं कुरुक्षेत्र, हिसार, अंबाला, झज्जर, करनाल, पलवल, पानीपत, रोहतक और सोनीपत में 50 से 70 प्रतिशत के बीच मिलान कार्य पूरा हुआ है। इनके अलावा पंचकूला में 47 प्रतिशत और गुरुग्राम में 34 प्रतिशत वोटर मिलान हो पाया है।
चुनाव आयोग ने राजनीतिक दलों को भी बीएलए की नियुक्तियों के लिए भी कह रखा है। कई दलों ने बीएलए-1 की नियुक्तियां कर दी है और बीएलए-2 की नियुक्तियों की तैयारी चल रही है।



