Yuva Haryana : हरियाणा के करनाल में तेज रफ्तार के कारण पलटी रोडवेज बस के मामले में हरियाणा सरकार ने सख्ती दिखाई है। सरकार ने न केवल इस बस हादसे की जांच के आदेश दिए है, बल्कि सभी रोडवेज ड्राइवरों को चेताते हुए धुंध में 60 किलोमीटर से ज्यादा गति से बस को न चलाने की सलाह दी है।
हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज ने कहा कि करनाल में राज्य परिवहन बस हादसे की जांच के आदेश दिए गए हैं क्योंकि इस संबंध में एडवाइजरी जारी की गई है कि धुंध में 60 किलोमीटर से ज्यादा गति से गाड़ी को न चलाया जाए।
विज ने इस हादसे के संबंध में कहा कि यदि चालक ने धुंध में 60 किलोमीटर से अधिक गति से गाड़ी चलाई होगी तो उसकी जांच भी होगी, कार्यवाही भी होगी और जो सजा बनेगी, वह भी मिलेगी।
आपको बता दें कि शुक्रवार को करनाल स्थित आईटीआई चौक पर हरियाणा रोडवेज की बस अचानक से पलट गई। जिस वक्त ये हादसा हुआ, उस समय रोडवेज की बस में 40 से 45 यात्री सवार थे, जिसमें से कई यात्री गंभीर रूप से घायल हुए।
हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। बस में फंसे लोगों को स्थानीय लोगों और पुलिस की टीम ने मिलकर बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया था। बस पलटने से हाईवे पर लंबा जाम भी लग गया था।
बस में सवार यात्रियों का कहना था कि ये सोनीपत डिपो की बस थी। यात्रियों ने कई बार चालक से बस की रफ्तार कम करने की गुहार लगाने के बाद भी चालक ने किसी की बात नहीं सुनी। तेज रफ्तार के कारण बस का संतुलन बिगड़ा और बस हाईवे पर लगी ग्रिलों को तोड़ते हुए पलट गई।
इतना ही नहीं यात्रियों का आरोप था कि बस के अंदर तेज आवाज में गाने बज रहे थे, जिससे चालक का ध्यान भटका हुआ था। ओवरस्पीड और तेज गानों की लापरवाही के चलते ये हादसा हुआ है।



