Yuva Haryana: देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हरियाणा के अंबाला वायुसेना स्टेशन से देश के अत्याधुनिक चौथी पीढ़ी के बहुउद्देश्यीय राफेल लड़ाकू विमान में उड़ान भरकर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की हैं।

राष्ट्रपति भारतीय वायुसेना के दो लड़ाकू विमानों में उड़ान भरने वाली देश की पहली राष्ट्रपति हैं। इससे पहले, उन्होंने वर्ष 2023 में सुखोई-30 एमकेआई विमान में उड़ान भरकर इतिहास रचा था।
भारतीय सशस्त्र बलों की सर्वोच्च कमांडर के रूप में राष्ट्रपति ने लगभग 30 मिनट की उड़ान भरी और करीब 200 किलोमीटर की दूरी तय की।

विमान को 17 स्क्वाड्रन के कमांडिंग ऑफिसर ग्रुप कैप्टन अमित गेहानी ने संचालित किया। इस दौरान राफेल विमान ने समुद्र तल से लगभग 15,000 फीट की ऊँचाई और लगभग 700 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से उड़ान भरी।
वीडियो
उड़ान के बाद क्या बोलीं राष्ट्रपति ?
“भारतीय वायुसेना के राफेल विमान पर अपनी पहली उड़ान के लिए वायुसेना स्टेशन अंबाला आकर मुझे अत्यंत प्रसन्नता हुई। राफेल पर उड़ान मेरे लिए एक अविस्मरणीय अनुभव है। इस प्रबल विमान पर उड़ान ने मुझमें राष्ट्र की रक्षा क्षमताओं के प्रति गर्व और विश्वास की नई भावना भर दी है। मैं भारतीय वायुसेना और अंबाला स्टेशन की पूरी टीम को इस सफल आयोजन के लिए बधाई देती हूँ।”

आपको बता दें कि जब भारत ने फ्रांस से राफेल खरीदे थे, तब ये सीधे फ्रांस से अंबाला में ही लैंड किए गए थे। फ्रांस से 27 जुलाई, 2020 को आए पहले पांच राफेल विमानों को 17 स्क्वाड्रन, ‘गोल्डन एरोज़’ में शामिल किया गया था। यह जेट वायुसेना की ताकत का एक अहम हिस्सा है।



