Yuva Haryana: कांग्रेस में लंबे इंतजार के बाद बड़ा संगठनात्मक फेरबदल किया गया है। राहुल गांधी के नेतृत्व में राष्ट्रीय सचिवों की नियुक्ति के लिए हुई साक्षात्कार (इंटरव्यू) प्रक्रिया के बाद पार्टी ने कुल 81 राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किए हैं। इस नई सूची में हरियाणा के पांच युवा नेताओं को स्थान मिला है। इस नियुक्ति की सबसे अहम बात यह मानी जा रही है कि इसमें प्रदेश कांग्रेस के किसी भी स्थापित गुट का स्पष्ट दबदबा नजर नहीं आता।
चयनित नेताओं में न तो कोई मौजूदा विधायक है और न ही सांसद। इसके बजाय संगठन में जमीनी स्तर पर काम करने के अनुभव, युवा चेहरों और केंद्रीय नेतृत्व तक सीधी पहुंच रखने वाले नेताओं को तरजीह दी गई है। इसे कांग्रेस में चुनावी राजनीति के समानांतर संगठन को मजबूत करने और नई पीढ़ी को राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है।
किसे मिली कौन-सी जिम्मेदारी
प्रदीप नरवाल: सोनीपत के कथूरा गांव निवासी प्रदीप नरवाल को बिहार का राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है। उन्हें यह जिम्मेदारी तीसरी बार मिली है। पहले उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी रह चुके नरवाल को प्रियंका गांधी का करीबी माना जाता है। 2024 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने भवानीखेड़ा सीट से करीब 58 हजार वोट हासिल किए थे।
सुभाषिनी यादव: बिहार की बेटी और हरियाणा की बहू सुभाषिनी यादव को गुजरात का राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया गया है। वह दिवंगत नेता शरद यादव की बेटी और राजकमल राव की पत्नी हैं। राजकमल राव सरकार में मंत्री रहे राव नरबीर सिंह के भतीजे और राव कमलबीर के बेटे हैं, जिन्होंने पिछले विधानसभा चुनाव में सोहना सीट से कांग्रेस टिकट के लिए दावेदारी की थी।
योगेंद्र योगी: कांग्रेस के ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय समन्वयक रह चुके योगेंद्र योगी को महाराष्ट्र का राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है। भारत जोड़ो यात्रा के दौरान उनकी सक्रियता काफी चर्चा में रही थी। उन्हें ओबीसी विभाग के अध्यक्ष अनिल जयहिंद का करीबी माना जाता है।
मनोज बागड़ी: हरियाणा कांग्रेस अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मनोज बागड़ी को राजस्थान की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
डॉ. विनीत पूनिया: फतेहाबाद निवासी डॉ. विनीत पूनिया को कांग्रेस कम्युनिकेशन, पब्लिसिटी, मीडिया और सोशल-डिजिटल विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। वह पहले हरियाणा से राष्ट्रीय सचिव रह चुके हैं और पवन खेड़ा के करीबी माने जाते हैं। नई जिम्मेदारी के साथ वे पार्टी के प्रचार और संचार तंत्र में अहम भूमिका निभाएंगे।
हाईकमान का संदेश और राष्ट्रीय सचिवों की भूमिका
हरियाणा के पांच नेताओं को अलग-अलग राज्यों में जिम्मेदारी देकर पार्टी ने यह संकेत दिया है कि राष्ट्रीय संगठन में जगह बनाने के लिए अब किसी गुट का करीबी होना अनिवार्य नहीं है, बल्कि संगठनात्मक अनुभव और केंद्रीय नेतृत्व के साथ तालमेल बैठाने की क्षमता अधिक मायने रखती है।
रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रीय सचिव पद की इंटरव्यू प्रक्रिया में दिव्यांशु बुद्धिराजा, अमित सिहाग, चक्रवर्ती शर्मा और रोहतक के अमित सैनी समेत कई अन्य नाम भी शामिल थे, जिन्हें अंतिम सूची में जगह नहीं मिल सकी।
राष्ट्रीय सचिवों की भूमिका केवल औपचारिक या संगठनात्मक पद तक सीमित नहीं रहेगी। उन्हें संबंधित राज्यों में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, कार्यकर्ताओं से संवाद बनाने, राजनीतिक गतिविधियों का फीडबैक जुटाने और प्रदेश प्रभारियों के माध्यम से एआईसीसी (AICC) तक रिपोर्ट पहुंचाने का काम करना होगा।

