Yuva Haryana: चांदी की बढ़ती कीमतों ने निवेशकों से लेकर आम खरीदारों तक सबको हैरान कर दिया है। बुधवार को चांदी के दाम में तूफानी तेजी देखने को मिली। सराफा बाजार में चांदी के दाम में एक ही दिन में 14,480 रुपए प्रति किलो का बड़ा उछाल देखने को मिला, जिससे चांदी की कीमत ऐतिहासिक 2,77,512 रुपए प्रति किलो के दाम पर पहुंच गई है।
आपको बता दें कि यह एक दिन में दूसरी बड़ी उछाल चांदी के दामों में देखने को मिली है। इससे पहले 13 जनवरी को 16,782 रुपए किलो का उछाल आया था, जो कि एक दिन में सबसे बड़ी उछाल थी।
जनवरी माह में ही चांदी की कीमतों में करीब साढ़े 20 प्रतिशत का उछाल दर्ज किया है यानी कि करीब 47 हजार रुपए चांदी महंगी हुई है।
वहीं सोने की बात की जाए तो सोने के दामों में भी तेजी जारी है। बुधवार को 24 कैरेट सोने का दाम करीब 1700 रुपए प्रति 10 ग्राम बढ़ा। इस हिसाब से सोना भी पहली बार रिकॉर्ड स्तर 1,42015 रूपए प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया है।
चांदी में आए उछाल पर जानकारों का कहना है कि पिछले पांच साल से वैश्विक स्तर पर चांदी की आपूर्ति और डिमांड कम थी। लेकिन, साल 2026 की शुरुआत में ही करीब तीन हजार टन की कमी चांदी में दर्ज की गई है। चांदी का उत्पादन कम होने और डिमांड ज्यादा होने के चलते अब चांदी के दामों में निरंतर उछाल आ रहा है।
चांदी का प्रयोग सोलर पैनल, इलेक्ट्रिक व्हीकल, इलेक्ट्रॉनिक्स और ग्रीन एनर्जी सेक्टर में बहुत ज्यादा देखने मिल रहा है।
एक जानकारी ये भी है कि अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के बाद टैरिफ बढ़ने की आशंका से लंडन वेयरहाउस से बड़ी मात्रा में चांदी कॉमेक्स वेयरहाउस पहुंची और इससे वैश्विक आपूर्ति खासा प्रभावित हुई है। दूसरी तरफ चीन भी चांदी जमा करने में लगा हुआ है। ऐसे में फिलहाल चांदी के दामों में कोई बड़ा क्रैश आने के संकेत नहीं है।



