Yuva Haryana: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हमले के मामले में मुंबई पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने खरखौंदा क्षेत्र के रोहणा निवासी अमर को दो दिन के ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई ले जाकर कोर्ट में पेश किया। मुंबई पुलिस ने कोर्ट से 15 दिन के रिमांड की मांग की थी, जिस पर अदालत ने 6 दिन का रिमांड मंजूर किया है।
बैंक खातों से ट्रांजिट और वित्तीय जांच
मुंबई पुलिस की ओर से मामले की जांच कर रहे प्रदीप ने बताया कि अमर के बैंक खाते से कई संदिग्ध ट्रांजैक्शन हुए हैं। पुलिस का तर्क है कि मामले में हुए वित्तीय लेन-देन की वास्तविक स्थिति का पता लगाने के लिए यह जांच जरूरी है कि कितनी रकम किसके खाते में आई और आगे कहां ट्रांसफर की गई।
50 से 7 हजार रुपए तक का हुआ लेन-देन
अमर के परिजनों के अनुसार, इस पूरे विवाद की मुख्य वजह पड़ोसी कुणाल से पहचान और पैसों का लेन-देन है। कुणाल की बहन की शादी के दौरान उसने अमर के बैंक खाते में रकम मंगवाकर अन्य खातों में ट्रांसफर करने को कहा था। शुरुआत में मना करने के बावजूद अमर ने कुणाल के कहने पर यह लेन-देन किया।
दावे के मुताबिक, 10 से 28 अक्टूबर के बीच अमर के खाते से कुल 67 ट्रांजैक्शन हुए। इनमें उसकी दुकान का वेतन, खरीदारी और कुणाल के कहने पर भेजे गए पैसे शामिल हैं। इनमें अधिकांश लेन-देन छोटी रकम यानी 50 रुपए से लेकर 7 हजार रुपए तक के थे। परिवार का मानना है कि इस पूरे मामले की वास्तविक स्थिति और लेन-देन की सही वजह पुलिस जांच के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

