Yuva Haryana: राज्य में परिवहन विभाग की ई-नीलामी के जरिए वीआईपी या पसंदीदा वाहन रजिस्ट्रेशन नंबर खरीदने के बाद उन्हें ऊंचे दामों पर दूसरों को बेचने या ट्रांसफर करने वालों पर सरकार ने कड़ा शिकंजा कस दिया है। नए निर्देशों के मुताबिक, अब ई-नीलामी में आवंटित वीआईपी नंबर को वाहन मालिक आवंटन की तारीख से तीन साल तक किसी अन्य व्यक्ति के नाम हस्तांतरित नहीं कर सकेंगे। परिवहन विभाग ने तीन साल से पहले नंबर ट्रांसफर करने पर पूरी तरह रोक लगा दी है।
इस नियम को सख्ती से लागू करने के लिए विभाग ने प्रदेश के सभी उपमंडल अधिकारियों (नागरिक)-कम-पंजीकरण प्राधिकारियों, जिला परिवहन अधिकारियों और मुख्यालय स्थित पंजीकरण प्राधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। नियमों की अनदेखी करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
इसके अलावा, नेशनल इन्फॉर्मेटिक्स सेंटर (NIC) को भी पत्र भेजा गया है। एनआईसी से ‘वाहन’ और ई-नीलामी पोर्टल में जरूरी तकनीकी बदलाव करने को कहा गया है, ताकि तीन साल की लॉक-इन अवधि समाप्त होने से पहले नंबर ट्रांसफर की प्रक्रिया स्वतः ही ब्लॉक रहे।
सूत्रों के अनुसार, हाल ही में परिवहन मंत्री अनिल विज की विभागीय अधिकारियों के साथ हुई बैठक में वीआईपी नंबरों की कालाबाजारी और अधिक कीमत पर बेचे जाने की आशंका को लेकर गंभीर चर्चा हुई थी। मंत्री के सख्त निर्देशों के बाद यह फैसला लिया गया है।
रक्त संबंधी सदस्यों को मिल सकेगी छूट
जारी निर्देशों में तीन साल की पाबंदी से परिवार को बाहर रखा गया है। इसके तहत रक्त संबंधियों के साथ-साथ उन सदस्यों को परिवार माना गया है, जिनके नाम एक ही परिवार पहचान पत्र (PPP ID) में दर्ज हैं। ऐसे में कोई भी व्यक्ति केवल अपने खून के रिश्तेदारों या पीपीपी आईडी में शामिल परिवार के सदस्यों को ही तीन साल से पहले वीआईपी नंबर हस्तांतरित कर सकेगा।
नीलामी से करोड़ों की आय, ‘0001’ नंबर सबसे महंगा
गौरतलब है कि हरियाणा परिवहन विभाग को वीआईपी नंबरों की ई-नीलामी से सालाना करीब 7 से 8 करोड़ रुपये की आमदनी होती है। इनमें ‘0001’ नंबर सबसे महंगा होता है, जिसका रिजर्व प्राइस 5 लाख रुपये और ‘0002’ से ‘0009’ तक के नंबरों का रिजर्व प्राइस डेढ़ लाख रुपये तक रहता है। करीब एक साल पहले ‘HR88B8888’ नंबर की बोली 1.17 करोड़ रुपये तक पहुंची थी, हालांकि बोलीदाता के पीछे हटने के बाद दोबारा नीलामी में यह नंबर 26.71 लाख रुपये में बिका था।

