Yuva Haryana: कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर चल रहे ‘वोट बचाओ देश बचाओ’ अभियान के तहत हरियाणा में ‘संविधान रक्षा अभियान’ और ‘वोट रक्षक अभियान’ ने जोर पकड़ लिया है। इसी कड़ी में 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर पंचकूला से शुरू होने वाले ‘संविधान रक्षा मार्च’ की तैयारियों को लेकर बुधवार को कालका में कांग्रेस की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सत्ताधारी दल पर मताधिकार छीनने का आरोप
बैठक को संबोधित करते हुए हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी और संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल के निर्देशों पर यह अभियान पूरी ताकत से चलाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल तानाशाही और गैर-कानूनी हथकंडों से जनता का मताधिकार छीनकर सत्ता हथिया रहा है, जिससे आम लोगों का जीना दूभर हो गया है।
संजय दत्त ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस हर संघर्ष में जनता के साथ खड़ी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक भाजपा सरकार अपनी असंवैधानिक नीतियों से पीछे नहीं हटती, लोकतांत्रिक मतदान प्रणाली बहाल नहीं होती और मुख्य चुनाव आयुक्त को बर्खास्त कर किसी जिम्मेदार व्यक्ति को यह जिम्मेदारी नहीं सौंपी जाती।
जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के निर्देश
प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि पंचकूला से निकलने वाला संविधान रक्षा मार्च मौजूदा सरकार को झकझोरने का काम करेगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत से ‘वोट बचाओ देश बचाओ’ अभियान पूरे प्रदेश में फैल चुका है और कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर सरकार के अन्याय व असंवैधानिक कारनामों का पर्दाफाश करेंगे।
उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सख्त निर्देश दिए कि वे इस अभियान के साथ-साथ आम जनता की स्थानीय समस्याओं को भी मजबूती से उठाएं। कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद कर जनसंपर्क बढ़ाने और जिला स्तर पर अधिकारियों पर दबाव बनाकर जनता की समस्याओं का समाधान करवाने को कहा गया।
बैठक में ये नेता रहे मौजूद
कालका में आयोजित इस बैठक में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं, विधायकों, पूर्व विधायकों और संगठन पदाधिकारियों ने शिरकत की। इस अवसर पर पूर्व विधायक चंद्र मोहन, पूर्व विधायक प्रदीप चौधरी, चेयरमैन सुनील शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष सुनील, राजेश कोना, विजय बंसल, अजय सिंगला, ओम प्रकाश, बलविंदर और भूरी बेगम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

