Yuva Haryana: गुरुग्राम में अप्रैल में जब्त किए गए नकली माउंटजारो इंजेक्शन की जांच रिपोर्ट सामने आ गई है। खाद्य व औषधि प्रशासन (एफडीए) द्वारा लिए गए सभी छह सैंपल लैब जांच में फेल पाए गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, इन इंजेक्शनों में तय मात्रा के मुकाबले केवल 10 से 16 प्रतिशत तक ही औषधि मिली, जिससे मरीजों को इलाज के नाम पर नकली इंजेक्शन दिए जाने की पुष्टि हुई है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, प्रत्येक इंजेक्शन में औषधि की मात्रा 10 मिलीग्राम होनी चाहिए थी, लेकिन किसी भी सैंपल में यह मात्रा नहीं पाई गई। अधिकतम मात्रा वाले सैंपल में भी महज 1.6 मिलीग्राम औषधि मिली। जांच रिपोर्ट आने के बाद विभाग ने आरोपियों के खिलाफ अदालत में आपराधिक मामला दायर कर दिया है।
अप्रैल में हुआ था 70 लाख के नकली इंजेक्शन का भंडाफोड़
अप्रैल 2026 में गुरुग्राम एफडीए की टीम ने नकली माउंटजारो इंजेक्शन बनाने और बेचने वाले रैकेट का खुलासा किया था। गुप्त सूचना के आधार पर डीएलएफ फेज-4 और सेक्टर-69 में कार्रवाई करते हुए लगभग 70 लाख रुपये कीमत के नकली इंजेक्शन जब्त किए गए थे। इस मामले में रवि शर्मा और मुजामिल खान को गिरफ्तार किया गया था।
हरियाणा के ड्रग कंट्रोलर रिपन मेहता ने बताया कि माउंटजारो इंजेक्शन में तिरजेपाटाइड सॉल्ट का उपयोग होता है। बरामदगी के दौरान ही इनमें पानी भरे होने की आशंका जताई गई थी, लेकिन पुष्टि के लिए छह अलग-अलग तरह के सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए थे, जिनकी रिपोर्ट फेल आई। इसके बाद आरोपियों के विरुद्ध अदालत में आपराधिक केस दर्ज किया गया।
गुणवत्ता जांच और सख्त कार्रवाई के आंकड़े
ड्रग कंट्रोलर के अनुसार, अप्रैल से अब तक दवाओं की गुणवत्ता जांचने के लिए 2,389 सैंपल लिए जा चुके हैं, जिनमें से 2,189 सैंपलों की जांच पूरी हो चुकी है। इनमें से 11 सैंपल निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे, जबकि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ 64 मामलों में अदालत में कार्रवाई शुरू की गई है।
रिपन मेहता ने कहा कि हरियाणा सरकार ने नकली दवाओं के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए निगरानी, खुफिया जानकारी जुटाने और प्रवर्तन की कार्रवाई को लगातार सख्त किया जा रहा है। नकली दवाओं के निर्माण, भंडारण, वितरण या बिक्री में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
डायबिटीज और वजन घटाने में होता है इस्तेमाल
माउंटजारो इंजेक्शन में तिरजेपाटाइड नामक औषधि होती है। इसका इस्तेमाल टाइप-2 डायबिटीज के मरीजों में ब्लड शुगर को नियंत्रित करने के लिए किया जाता है। इसके अलावा, डॉक्टर की सलाह पर मोटापे से ग्रस्त कुछ मरीजों को वजन घटाने के लिए भी यह दवा दी जाती है, क्योंकि यह शरीर में ब्लड शुगर और भूख को नियंत्रित करने की प्रक्रिया पर असर डालती है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, इस दवा का उपयोग हमेशा डॉक्टर की परामर्श और निर्धारित खुराक के अनुसार ही किया जाना चाहिए। ऐसे में नकली इंजेक्शन का बाजार में पहुंचना मरीजों की सेहत के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता है।

