Yuva Haryana: गोहाना के धनाना गांव स्थित सतलोक आश्रम में एक बच्चे के साथ बदसलूकी करने का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने बच्चे के पिता की शिकायत और जिला बाल कल्याण समिति (CWC) की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी अनुयायी को गिरफ्तार कर लिया है।
पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज
बरौदा थाना पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अनुयायी सचिन, निवासी कासंडी गांव के खिलाफ पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) और अन्य संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया है। हालांकि, बच्चे के पिता ने बच्चे की मेडिकल जांच कराने से मना कर दिया है।
पुलिस का बयान
मामले की पुष्टि करते हुए डीसीपी (गोहाना) जितेंद्र गहलावत ने बताया:
23 सितंबर को आश्रम में बच्चे के साथ छेड़छाड़ की सूचना मिली थी, जिसके बाद बच्चे और उसके पिता को पुलिस संरक्षण में लिया गया। बच्चे की काउंसलिंग कराई गई। पिता के बयान और सीडब्ल्यूसी (CWC) की रिपोर्ट के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत के आदेश पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।”*
आश्रम प्रबंधन समिति ने बताया साजिश
दूसरी ओर, सतलोक आश्रम की प्रबंधन समिति ने मामले पर सफाई देते हुए इसे आश्रम को बदनाम करने की साजिश करार दिया है।
प्रबंधन समिति के अनुसार, आश्रम में बच्चे और एक युवक के बीच केवल बिस्तर को लेकर विवाद हुआ था, जिसे बच्चे के पिता ने मौके पर ही सुलझा लिया था। आश्रम का यह हिस्सा खुले शेड में है और पूरा परिसर CCTV कैमरों से लैस है, जिसमें कोई गलत घटना दर्ज नहीं हुई है।
प्रबंधन का आरोप है कि हनी ट्रैप मामले में पहले से नामजद एक व्यक्ति ने गलत इरादे से मामले को तूल देकर सीडब्ल्यूसी में झूठी शिकायत की। समिति का दावा है कि बच्चे और पिता दोनों ने किसी भी ऐसी घटना से इनकार किया है और मेडिकल जांच कराने से भी मना कर दिया है।

