Yuva Haryana: सूरजकुंड की पहाड़ियों में रविवार को ‘नशा-मुक्त हरियाणा फरीदाबाद नमो मैराथन-2026’ का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। आयोजन में करीब 1 लाख 35 हजार प्रतिभागियों ने नशे के खिलाफ शपथ ली।
मैराथन में 21.1 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर की विभिन्न श्रेणियों में युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों और खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपनी ऊर्जा को शिक्षा, खेल तथा राष्ट्र निर्माण में लगाने की अपील की।
आयोजन में केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर, मंत्री विपुल गोयल, राज्य मंत्री राजेश नागर, खेल मंत्री गौरव गौतम, बल्लभगढ़ विधायक मूलचंद शर्मा, बड़खल विधायक धनेश अधलखा, डीसी आयुष सिन्हा और क्रिकेटर शिखर धवन समेत कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।
मैराथन में विजेताओं ने हासिल किए स्थान
21.1 किलोमीटर पुरुष वर्ग में प्रशांत चौधरी ने पहला स्थान हासिल किया। विक्रम सिंह दूसरे और अनुज मीणा तीसरे स्थान पर रहे।
महिला वर्ग में सोनिका ने पहला, मानव राणा ने दूसरा और भूमिका ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। 10 किलोमीटर श्रेणी में पुरुष वर्ग में रोहित कुमार और महिला वर्ग में नीरू रानी ने पहला स्थान हासिल किया।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा की पहचान खिलाड़ियों और पदक विजेताओं के प्रदेश के रूप में है। उन्होंने युवाओं से नशे को ना कहकर अपनी ऊर्जा को शिक्षा और खेल के क्षेत्र में लगाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि युवाओं की सकारात्मक ऊर्जा का उपयोग राष्ट्र निर्माण में किया जाना चाहिए और खेल युवाओं को स्वस्थ एवं सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

