Yuva Haryana : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जनहित से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के तहत 858 करोड़ रूपए किसान और महिला लाभार्भियों को जारी किए है। इनमें किसानों को 659 करोड़ रुपए और लाडो लक्ष्मी योजना के 181 करोड़ रुपए आदि शामिल है।
सीएम ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि हरियाणा को समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाया जाए और इसके लिए कल्याणकारी योजनाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ लागू किया जा रहा है।
सीएम ने दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना की तीसरी किस्त जारी की। इस अवसर पर 8.63 लाख से अधिक महिला लाभार्थियों के खातों में 181 करोड़ रुपए की राशि ट्रांसफर की गई। अब तक तीन किस्तों में कुल 441 करोड़ रुपए जारी किए जा चुके है।
सीएम ने बताया कि लाडो लक्ष्मी योजना का दायरा बढ़ाकर वार्षिक आय सीएम 1.80 लाख रुपए कर दी गई है, जिससे अधिक महिलाओं को योजना का लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने ये भी बताया कि फरवरी 2026 से प्रत्येक पात्र महिला को मिलने वाली 2100 रुपए मासिक सहायता में से 1100 रुपए सीधे खाते में और एक हजार रुपए बचत एफडी के रूप मे जमा किए जाएंगे, जो कि महिलाओं को भविष्य में काम आएंगे।
इसके साथ ही हर घर हर गृहणी योजना के अंतर्गत गैस सिलेंडर रिफिल कराने वाली 6.08 लाख महिलाओं के खातों में 18.56 करोड़ रुपए की सब्सिडी भी डाली गई।
मुख्यमंत्री ने कृषि क्षेत्र की पांच योजनाओं के तहत 659 करोड़ रुपए की अनुदान और प्रोत्साहन राशि भी जारी की।
फसल अवशेष प्रबंधन योजना के तहत पराली न जलाने वाले 5,54,405 किसानों को 461.75 करोड़ रुपए की प्रोत्साहन राशि जारी की गई। इसके अलावा 9,885 फसल अवशेष प्रबंधन मशीनों के लिए किसानों को 85.10 करोड़ रुपए की अनुदान राशि प्रदान की गई।
धान की सीधी बिजाई अपनाने वाले 31,605 किसानों को 75.54 करोड़ रुपए की प्रोत्साहन राशि दी गई। वहीं मेरा पानी मेरी विरासत योजना के अंतर्गत 13,500 किसानों को 15.75 करोड़ रुपए की सहायता राशि प्रदान की गई।
इसके अलावा आलू और फूलगोभी की खेती करने वाले 4,073 किसानों को भावांतर भरपाई योजना के तहत 20 करोड़ रुपए की भरपाई राशि जारी की गई।



