Yuva Haryana: उच्चतर शिक्षा संस्थानों में दाखिला लेने के बाद कोर्स छोड़ने या प्रवेश रद्द कराने वाले विद्यार्थियों को फीस वापस न करने का बड़ा मामला सामने आया है। देशभर के 26 राज्यों के शिक्षण संस्थानों में 2,100 से ज्यादा छात्रों के 11 करोड़ रुपये से अधिक की फीस रिफंड पर कुंडली मारकर बैठे हैं और कई मामलों में पांच साल बीतने के बावजूद राशि नहीं लौटाई गई है।
नियमों के बावजूद नहीं मिल रही राहत
शिक्षा मंत्रालय और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की गाइडलाइंस के अनुसार, यदि कोई विद्यार्थी सत्र शुरू होने से पहले या तय डेडलाइन के भीतर दाखिला रद्द कराता है, तो संस्थान अधिकतम 1,000 रुपये प्रोसेसिंग फीस काटकर पूरी राशि वापस करने के लिए बाध्य हैं। यूजीसी ने 17 दिसंबर 2020 से 12 जून 2024 के बीच समय-समय पर फीस वापसी को लेकर कई स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं।
यूजीसी की सचिव प्रो. श्यामा रथ ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के राज्यपालों तथा उपराज्यपालों के प्रमुख सचिवों को पत्र भेजकर इस विषय में हस्तक्षेप करने की अपील की है। इसके साथ ही यूजीसी ने स्पष्ट किया है कि समय पर फीस न लौटाना या देरी करना ‘यूजीसी छात्र शिकायत निवारण नियमावली, 2023’ के तहत एक आधिकारिक शिकायत माना जाएगा।
हरियाणा में 232 विद्यार्थियों के 88 लाख से ज्यादा पेंडिंग
हरियाणा के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में प्रवेश रद्द कराने वाले छात्रों की फीस न लौटाने के मामले भी सामने आए हैं। आधिकारिक वित्तीय आंकड़ों के मुताबिक, राज्य के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में 232 विद्यार्थियों की कुल 1,19,51,868.80 रुपये (लगभग 1.19 करोड़ रुपये) की फीस रिफंड पेंडिंग है। विभिन्न पाठ्यक्रमों के छात्रों ने कुल 1,28,80,465.80 रुपये जमा कराए थे, जिनमें से संस्थानों ने अब तक केवल 9,28,597 रुपये ही रिफंड किए हैं।
आंकड़ों के विश्लेषण के अनुसार पेंडिंग राशि का 70.6% हिस्सा (84.83 लाख रुपये) अकेले 16 प्राइवेट यूनिवर्सिटीज में अटका है, जिससे 133 विद्यार्थी प्रभावित हैं। वहीं, राज्य के 15 सरकारी विश्वविद्यालयों व संस्थानों पर 95 छात्रों के 32.05 लाख रुपये बकाया हैं। निजी संस्थानों में लिंगायाज विद्यापीठ (34.55 लाख रुपये) और जी.डी. गोयनका यूनिवर्सिटी (15.20 लाख रुपये) सबसे आगे हैं।
यूजीसी के प्रमुख नियम क्या कहते हैं?
कोविड के दौरान (2020-2022): महामारी के कारण अभिभावकों की आर्थिक परेशानियों को देखते हुए यूजीसी ने विशेष मामले के तहत शून्य रद्दीकरण शुल्क या अधिकतम 1,000 रुपये की कटौती के साथ पूरी फीस वापसी का निर्देश दिया था।
सत्र 2023-24 निर्देश (3 जुलाई 2023): 30 सितंबर 2023 तक पूरी फीस और 31 अक्टूबर 2023 तक अधिकतम 1,000 रुपये कटौती के साथ फीस वापसी की नीति लागू की गई थी।
छात्र शिकायत निवारण नियम (9 फरवरी 2024): निर्धारित समय में फीस न लौटाने या देरी को आधिकारिक शिकायत माना जाएगा।
सत्र 2024-25 और आगामी सत्र (12 जून 2024): जब तक यूजीसी कोई संशोधित नीति जारी नहीं करती, तब तक यही नियम आगामी शैक्षणिक सत्रों में भी लागू रहेंगे।
2022 के मामले भी अटके पड़े हैं
कई विद्यार्थी ऐसे हैं जिन्हें दो से चार साल बाद भी अपनी फीस वापस नहीं मिली है।
- जी.डी. गोयनका विवि के छात्र गर्वित गुप्ता ने बताया कि उन्होंने 2022-23 सत्र में जनवरी में 20 हजार रुपये फीस देकर दाखिला लिया और 22 फरवरी 2022 को दाखिला रद्द करवा लिया, लेकिन अभी तक फीस वापस नहीं मिली।
- रोहतक के राजकीय महिला कॉलेज की छात्रा किरण ने बताया कि उन्होंने बीएससी में 15 अगस्त 2022 को 3,376 रुपये जमा कर दाखिला लिया और 17 अक्टूबर 2022 को दाखिला रद्द करवाया, पर रिफंड नहीं मिला।
- जेजेयू में दाखिला लेने वाले दिव्यांशु वर्मा के अनुसार, उन्होंने 14 अक्टूबर 2022 को बीटेक में 35 हजार रुपये फीस जमा की और 21 अक्टूबर 2022 को दाखिला रद्द करवा दिया, लेकिन फीस अभी तक पेंडिंग है।
विश्वविद्यालय प्रशासन का क्या कहना है?
इस मामले पर एमडीयू के वीसी प्रो. मिलाप पूनिया ने कहा कि यदि यूनिवर्सिटी में फीस वापसी के केस पेंडिंग हैं तो इसकी जानकारी उन्हें नहीं है, हालांकि संबंधित कॉलेजों के केस हो सकते हैं जिनका जल्द समाधान करवाया जाएगा। वहीं, कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी के वीसी प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि यूनिवर्सिटी में जो भी क्लेम होता है, नियमानुसार भुगतान कर दिया जाता है और यदि संबंधित कॉलेजों के केस हैं तो उन्हें जल्द हल कराया जाएगा।

