Yuva Haryana: सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को उद्यमी बनाने के उद्देश्य से शुरू किए गए ‘कुशल बिजनेस चैलेंज 3।0’ के तहत अध्ययन सामग्री के बजट को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद ने सत्र 2026-27 के लिए प्रदेश के 3,408 सरकारी सेकेंडरी और सीनियर सेकेंडरी स्कूलों (250 पीएम श्री और 3,158 समग्र शिक्षा) के लिए 3 करोड़ 22 लाख 12 हजार 576 रुपए का बजट मंजूर किया है। हालांकि, विभाग ने वर्कबुक और मैनुअल की छपाई के लिए प्रति कॉपी मात्र 20 रुपए का बजट तय किया है, जिससे स्कूल प्रबंधन के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।
एक किताब पर कई विद्यार्थी, कैसे बनेगा बिजनेस आइडिया?
सरकार का दावा है कि इस योजना से प्रदेश के 6।8 लाख विद्यार्थियों को जोड़ा जाएगा। लेकिन जमीनी हकीकत और गाइडलाइन के अनुसार हर कक्षा के लिए केवल 5 स्टूडेंट वर्कबुक और हर स्कूल के लिए 4 टीचर मैनुअल ही उपलब्ध कराए जाएंगे। चूंकि कक्षाओं में औसतन 30 से 50 विद्यार्थी होते हैं, ऐसे में 5 से 10 छात्रों को एक ही किताब से पढ़ना होगा। गाइडलाइन में सप्ताह में 2 से 3 पीरियड इस विषय को पढ़ाने के निर्देश हैं, लेकिन व्यक्तिगत किताब न मिलने से छात्रों के लिए घर पर अभ्यास करना और अपने बिजनेस मॉडल पर गहराई से काम कर पाना कठिन माना जा रहा है।
20 रुपए में 120 से 150 पन्नों की छपाई कैसे संभव?
विभाग ने वर्कबुक या मैनुअल की प्रिंटिंग और फोटोकॉपी के लिए केवल 20 रुपए प्रति कॉपी का बजट निर्धारित किया है। वहीं, स्कूल प्रबंधन का कहना है कि 120 से 150 पन्नों की बुकलेट तैयार करनी है, जबकि बाजार में सामान्य फोटोकॉपी का खर्च ही 1 से 2 रुपए प्रति पेज आता है। इतनी कम राशि में कागज, स्याही और बाइंडिंग की व्यवस्था करना स्कूल मुखियाओं के लिए बड़ी परेशानी बन गया है।
प्रतियोगिता और इनामी राशि का स्वरूप
योजना के तहत कक्षा 9वीं और 10वीं के छात्र स्कूल कार्निवल तक सीखेंगे, जबकि 11वीं और 12वीं के विद्यार्थी 3 से 5 सदस्यों की टीम बनाकर प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
स्कूल और ब्लॉक स्तर से चयनित 595 टीमें जिला स्तर पर पहुंचेंगी।
जिला राउंड-1 की शीर्ष 230 टीमों को 5-5 हजार रुपए और राउंड-2 की 69 टीमों को 20-20 हजार रुपए दिए जाएंगे।
स्टेट समिट में पहुंचने वाली इन 69 विजेता टीमों को इनक्यूबेटर्स से जोड़ने के बाद 75-75 हजार रुपए की अंतिम सीड मनी प्रदान की जाएगी।

