Yuva Haryana : हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के गांव खरींडवा के सरपंच पवन कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी सरपंच की लंबे समय से पुलिस को तलाश थी। हालांकि, मामला हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक भी पहुंचा, लेकिन सरपंच को कोई राहत नहीं मिली।
दरअसल, खरींडवा के सरपंच को पुलिस ने फर्जी मार्कशीट की मदद से सरपंच बनने के जुर्म में पकड़ा है।
सरपंच पवन ने वर्ष 2022 में सरपंच पद का चुनाव लड़ा था। नामांकन के दौरान पवन ने सीबीएसई की 10वीं कक्षा की मार्कशीट दी थी। वे चुनाव में करीब 300 वोटों से जीतकर सरपंच बने थे।
पवन से चुनाव हारने वाले उम्मीदवार संजीव कुमार ने नवंबर 2022 में कुरुक्षेत्र के डीसी को शिकायत देकर पवन पर 10वीं की फर्जी मार्कशीट देकर झूठा शपथ पत्र देने, और तथ्यों को छिपाकर चुनाव लड़ने का आरोप लगाया था।
इस मामले पर सुनवाई करते हुए 27 दिसंबर 2024 को डीसी ने सरपंच को सस्पेंड करने के आदेश जारी किए थे और 30 दिसंबर को थाना शाहाबाद में मामला भी दर्ज किया गया।
इसके बाद आरोपी ने खुद के बचाव के लिए पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में भी याचिका दायर की थी, लेकिन दोनों अदालतों ने पवन की याचिका खारिज कर दी।
अब पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे सरपंच पवन को गिरफ्तार कर लिया है।



