Yuva Haryana: हरियाणा में पंचायत विभाग के बैंक खातों को निशाना बनाकर की जा रही साइबर ठगी का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। फतेहाबाद जिले में जिला परिषद, पंचायत समितियों और ग्राम पंचायतों के बैंक खातों से निकाली गई राशि अब तक 2.10 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। बैंकों से बैलेंस शीट और स्टेटमेंट लेकर खातों का मिलान करने के साथ ही ठगी की रकम में भी लगातार इजाफा हो रहा है। अभी दर्जनों पंचायतों के खातों का मिलान होना बाकी है। ऐसे में कुल नुकसान का आंकड़ा और बढ़ने की आशंका है। अधिकारियों के अनुसार, कुछ पंचायतों में पंचायत सचिवों के छुट्टी होने और कई बैंकों से स्टेटमेंट मिलने में देरी के कारण जांच पूरी नहीं हो पाई है।
इन खंडों में सामने आई ठगी
अब तक सामने आए विवरण के अनुसार जिला परिषद के खाते से 87.48 लाख रुपये निकाले गए हैं। इसके अलावा भट्टू कलां खंड से 32.50 लाख रुपये, भूना से 19.01 लाख, फतेहाबाद से 19 लाख, नागपुर से 18 लाख, जाखल से 14.90 लाख और रतिया से 14 लाख रुपये की राशि निकाली गई है। टोहाना खंड से भी पांच लाख रुपये की निकासी सामने आई है। इन आंकड़ों के अनुसार कुल राशि करीब 2.10 करोड़ रुपये बनती है।
विकास कार्यों पर पड़ सकता है असर
पंचायतों और पंचायत समितियों के खातों से करोड़ों रुपये निकलने के कारण ग्रामीण विकास कार्य प्रभावित होने की आशंका है। जिन कार्यों को पूरा किया जा चुका है, उनकी अदायगी में देरी हो सकती है। वहीं, नए विकास कार्यों के लिए उपलब्ध बजट पर भी इसका असर पड़ने की संभावना है। खातों का मिलान पूरा होने के बाद ही नुकसान की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी।
क्या कहते हैं डीडीपीओ
जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी अनूप सिंह ने बताया कि अभी पंचायतों के खातों का मिलान जारी है। उन्होंने कहा कि जैसे ही सातों खंडों की सभी पंचायतों से रिपोर्ट आएगी, उसे मुख्यालय को भेज दिया जाएगा। उन्होंने इसकी पुष्टि की कि निसंदेह एक बार तो विकास कार्यों तथा वेंडरों को अदायगी में दिक्कत आएगी। जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी अनूप सिंह ने बताया कि जिले के सभी सातों खंडों से बैंक खातों के मिलान की रिपोर्ट मिलने के बाद संपूर्ण विवरण मुख्यालय भेजा जाएगा।

