Yuva Haryana: हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसवी एंड एसीबी) ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत वर्ष 2026 में लगातार सख्त और प्रभावी कार्रवाई की है। ब्यूरो ने न केवल रिश्वतखोरी के मामलों में त्वरित दबिश दी है, बल्कि दर्ज मामलों की समयबद्ध जांच और न्यायालयों में मजबूत पैरवी सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया है। 23 नवंबर 2026 तक के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, ब्यूरो ने इस वर्ष कुल 239 मामले दर्ज किए हैं, जिनमें रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ने के 200 ट्रैप मामले शामिल हैं। इसी अवधि में 212 मुख्य चालान और 163 सप्लीमेंट्री चालान न्यायालयों में दाखिल किए जा चुके हैं।
200 ट्रैप मामलों में 171 इन ट्रैप और 29 आउट ट्रैप
ब्यूरो प्रमुख डॉ. ए.एस. चावला ने बताया कि 1 जनवरी से 23 नवंबर 2026 तक कुल 200 ट्रैप मामले दर्ज किए गए, जिनमें 171 इन ट्रैप और 29 आउट ट्रैप मामले हैं। जिला स्तर पर सर्वाधिक 41 ट्रैप मामले गुरुग्राम में दर्ज किए गए। इसके अलावा हिसार में 39, रोहतक में 37, करनाल में 30, फरीदाबाद में 28, अंबाला में 18 और पंचकूला में 7 ट्रैप मामले दर्ज हुए। डॉ. चावला ने कहा कि इन कार्रवाइयों से भ्रष्टाचार में शामिल अधिकारियों व कर्मचारियों को कड़ा संदेश मिला है कि रिश्वतखोरी के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सभी 239 एफआईआर ‘हरसमय’ पोर्टल पर अपलोड
उन्होंने बताया कि इस वर्ष दर्ज किए गए सभी 239 मामलों की एफआईआर ‘हरसमय’ पोर्टल पर अपलोड की गई हैं। जिला स्तर पर गुरुग्राम और हिसार में 50-50 मामले दर्ज किए गए, जबकि रोहतक में 39, करनाल में 32, फरीदाबाद में 30, अंबाला में 21 और पंचकूला में 17 मामले दर्ज हुए। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर एफआईआर व संबंधित जानकारी उपलब्ध होने से पंजीकरण प्रक्रिया में पारदर्शिता और कार्यप्रणाली की सुगमता स्पष्ट होती है।
375 चालान दाखिल, जांच को अंतिम परिणाम तक पहुंचाने पर जोर
ब्यूरो प्रमुख के अनुसार, कार्रवाई केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक मामले की निष्पक्ष और गहन जांच पूरी कर उसे कानूनी अंजाम तक पहुंचाना प्राथमिकता है। साक्ष्यों के संकलन, तथ्यों के सत्यापन और कानूनी पहलुओं के बारीकी से परीक्षण के बाद मजबूत चालान न्यायालयों में पेश किए जा रहे हैं। 23 नवंबर 2026 तक कुल 212 मुख्य चालान और 163 सप्लीमेंट्री चालान यानी कुल 375 चालान दाखिल किए जा चुके हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जांच में अनावश्यक देरी न हो और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत समय पर चालान पेश किए जाएं।
कार्रवाई के साथ जांच की गुणवत्ता भी प्राथमिकता: डॉ. ए.एस. चावला
डॉ. ए.एस. चावला ने कहा कि प्रभावी कार्रवाई के लिए केवल ट्रैप करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि साक्ष्य आधारित और समयबद्ध जांच भी उतनी ही जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई करने, सभी आवश्यक साक्ष्य जुटाने, समय पर चालान दाखिल करने और लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और आमजन को पारदर्शी व जवाबदेह प्रशासन देने के लिए ब्यूरो प्रतिबद्ध है।
आमजन से भ्रष्टाचार के विरुद्ध आगे आने की अपील
हरियाणा एसवी एंड एसीबी ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी काम के बदले रिश्वत मांगता है, तो तुरंत टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 या 1800-180-2022 पर शिकायत करें। इसके अलावा व्हाट्सऐप नंबर 94178-91064 पर भी सूचना दी जा सकती है। नागरिक ‘सतर्क-हरियाणा’ मोबाइल ऐप के जरिए भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं और फोटो, वीडियो, ऑडियो व पीडीएफ जैसे साक्ष्य साझा कर सकते हैं। ब्यूरो ने लोगों से बिना किसी भय के आगे आने और इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया है।

