Yuva Haryana: हरियाणा के रोहतक में दिल्ली रोड स्थित खरावड़ पुलिस चौकी से महज कुछ ही दूरी पर बने मिलन ढाबे पर बुधवार देर रात अंधाधुंध फायरिंग की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। दो गाड़ियों में सवार होकर आए छह-सात हथियारबंद बदमाशों ने ढाबे में खाना खा रहे युवकों पर करीब 50 राउंड गोलियां चलाईं। इस गोलीबारी में झज्जर जिले के रहने वाले तीन युवकों समेत एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस इस वारदात को हिमांशु भाऊ और सन्नी रटौली गैंग के बीच चल रही पुरानी रंजिश और गैंगवार से जोड़कर देख रही है।
कैसे हुई वारदात
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात करीब 1 बजे मिलन ढाबे पर करीब 40 से 50 लोग मौजूद थे और कई लोग खाना खा रहे थे। इसी दौरान हमलावर गाड़ियों से ढाबे पर पहुंचे और सीधे एक टेबल पर बैठे युवकों को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ गोलियां चलाने लगे। अचानक हुई गोलीबारी से ढाबे में भगदड़ मच गई। कई ग्राहक जान बचाने के लिए टेबलों के नीचे छिप गए, जबकि ढाबाकर्मी किचन की ओर भागे।
मृतकों की पहचान झज्जर के डीघल गांव निवासी रिंकू (28), विनीत (22) और यश उर्फ गंजू (22) के रूप में हुई है। वहीं, बेरी निवासी 26 वर्षीय छात्र हिमांशु भी इस गोलीबारी का शिकार हो गया। फायरिंग शुरू होते ही हिमांशु जान बचाने के लिए पहली मंजिल की ओर भागा था, लेकिन हमलावरों ने पीछा कर उसे भी गोली मार दी। परिजनों के मुताबिक, हिमांशु का किसी गैंग से कोई संबंध नहीं था, वह परिवार का इकलौता बेटा था और अपनी बहन के ससुराल भलौठ से खाना लेने ढाबे पर आया था। आशंका जताई जा रही है कि लंबे बालों के कारण हमलावरों ने उसे गैंगस्टर सन्नी रटौली समझ लिया और गोली मार दी।
पुलिस जांच और भाऊ गैंग की पोस्ट
घटना की सूचना मिलते ही रोहतक रेंज के आईजी हामिद अख्तर और एसपी गौरव राजपुरोहित समेत पुलिस के आला अधिकारी व एफएसएल (FSL) टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को घटनास्थल से 9 एमएम रिवॉल्वर की गोलियों के खोल मिले हैं और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस के अनुसार, रिंकू, विनीत और यश पर हत्या व अन्य संगीन धाराओं में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज थे।
वारदात के बाद सोशल मीडिया पर हिमांशु भाऊ गैंग के नाम से एक पोस्ट सामने आई, जिसमें चारों हत्याओं की जिम्मेदारी लेते हुए इसे रोहित उर्फ बजरंग और सोनू डीघल की मौत का बदला बताया गया है। हालांकि, पुलिस इस सोशल मीडिया पोस्ट की सत्यता की जांच कर रही है। आईएमटी थाना पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की हैं और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

