Yuva Haryana: हरियाणा के पूर्व मंत्री सुभाष सुधा के निजी सहायक (पीए) राजू पर लगे आरोपों को लेकर कुरुक्षेत्र की राजनीति में घमासान तेज हो गया है। जननायक जनता पार्टी (जजपा) नेता योगेश शर्मा के बाद अब थानेसर नगर परिषद के कांग्रेस समर्थित पार्षदों ने भी पीए राजू के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और उन पर नगर परिषद के कामकाज में दखलअंदाजी व भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं।
चेयरपर्सन की बजाय पीए के इशारे पर हो रहे काम: कांग्रेसी पार्षद
कांग्रेसी पार्षद मनू जैन, पार्षद परमवीर सिंह प्रिंस, पार्षद राजेंद्र सैनी और पार्षद नेहा बंसल के पति शिवम बंसल ने पत्रकार वार्ता कर पूर्व मंत्री के पीए पर निशाना साधा। पार्षदों का आरोप है कि नगर परिषद थानेसर में कोई भी कार्य चेयरपर्सन के बजाय पूर्व मंत्री के पीए के कहने पर होता है। यहां तक कि टेंडर भी पीए के इशारे पर ही आवंटित किए जाते हैं, जिनमें भारी भ्रष्टाचार की बू आ रही है। पार्षदों ने मांग की कि जजपा नेता योगेश शर्मा द्वारा पीए पर लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
55 लाख की सड़क एक महीने में टूटी, अधिकारियों की कोठियों पर लगे सफाई कर्मी
पार्षद मनू जैन ने विकास कार्यों की गुणवत्ता और सफाई व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए कई आरोप लगाए:
घटिया निर्माण सामग्री: मनू जैन ने बताया कि उनके वार्ड में नगर परिषद द्वारा 55 लाख रुपये की लागत से बनाई गई सड़क बेहद निम्न स्तर की सामग्री के कारण मात्र एक महीने में ही टूट गई। जब उन्होंने हाउस की बैठक में यह मुद्दा उठाया तो कार्यकारी अधिकारी (ईओ) ने जांच की बात कहकर मामला टाल दिया।
सरकारी धन का दुरुपयोग: पार्षदों ने आरोप लगाया कि शहर में सरकारी धन का बड़े पैमाने पर दुरुपयोग हो रहा है और नगर परिषद द्वारा बनाई जाने वाली सड़कें बनते ही टूट रही हैं।
प्राइवेट दुकान जैसा माहौल: मनू जैन ने कहा कि नगर परिषद में प्राइवेट दुकान जैसा माहौल बन गया है। उन्होंने सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि नगर परिषद व अन्य अधिकारियों की कोठियों पर सफाई कर्मचारियों से काम करवाया जा रहा है, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था चरमरा गई है।
पीए राजू ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
दूसरी ओर, इस पूरे मामले पर जब पूर्व मंत्री सुभाष सुधा के पीए राजू से फोन पर संपर्क किया गया, तो उन्होंने सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। पीए राजू ने कहा कि नगर परिषद के कार्यों में उनका कोई हस्तक्षेप या लेना-देना नहीं है और सभी काम नगर परिषद की चेयरपर्सन व पार्षदों द्वारा ही किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि सभी टेंडर पूरी पारदर्शिता के साथ हो रहे हैं और विपक्ष बिना किसी आधार के इसे राजनीतिक मुद्दा बना रहा है। वहीं, इस विषय पर पक्ष जानने के लिए डीएमसी अमन कुमार से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।

