Yuva Haryana: जूता निर्माता कंपनी लखानी इंडिया लिमिटेड और उसके सीएमडी परमेश्वर दयाल लखानी समेत अन्य निदेशकों की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कंपनी के खिलाफ पंचकूला की विशेष पीएमएलए कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी है। अदालत ने आरोपियों को नोटिस जारी कर 18 जनवरी 2027 को तलब किया है, जिस दिन चार्जशीट पर संज्ञान लेने को लेकर सुनवाई होगी।
162 करोड़ रुपये के फर्जीवाड़े का खुलासा
ईडी की जांच में करीब 162 करोड़ रुपये के कथित फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। जांच के अनुसार, कंपनी ने साल 2008 में पंजाब नेशनल बैंक से 5 करोड़ रुपये की सप्लायर बिल डिस्काउंटिंग सुविधा ली थी, और बाद में 1.25 करोड़ रुपये की अतिरिक्त क्रेडिट सीमा भी मिली। आरोप है कि कंपनी संचालकों ने महेश ट्रेडिंग कंपनी और लंबा रबर केमिकल के नाम से फर्जी बिल तैयार कर बैंक से रकम हासिल की और उसका इस्तेमाल निजी लाभ के लिए किया।
बैंक का 17.23 करोड़ रुपये बकाया
भुगतान नहीं होने के कारण बैंक ने नवंबर 2011 में इस खाते को एनपीए (NPA) घोषित कर दिया था। सितंबर 2022 तक मूलधन और ब्याज सहित बकाया राशि बढ़कर 17.23 करोड़ रुपये पहुंच गई। कंपनी का उत्पादन साल 2011-12 से ही बंद है। बैंक की रिपोर्ट में समूह की अन्य कंपनियों पर भी करोड़ों रुपये का बकाया सामने आया है।
सीबीआई के बाद ईडी की बड़ी कार्रवाई
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने साल 2021 और 2023 में धोखाधड़ी और भ्रष्टाचार के मामले दर्ज किए थे, जिसके आधार पर ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू की। ईडी के मुताबिक, कंपनी संचालकों की 110 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां अस्थायी रूप से अटैच की गई हैं। इनमें 20 एकड़ में फैले पांच कमर्शियल प्लॉट, दो एकड़ का फार्महाउस और एनसीआर स्थित कमर्शियल फ्लैट-सह-ऑफिस शामिल हैं।

