Yuva Haryana: हरियाणा की राजनीति में कांग्रेस पार्टी के भीतर एक बार फिर सुगबुगाहट तेज हो गई है। असंध के पूर्व विधायक शमशेर सिंह गोगोी ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की पुस्तक ‘ब्लॉगिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ में सिरसा से सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा का विशेष उल्लेख होने पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि सोनिया गांधी की किताब में सैलजा की तारीफ इस बात का पक्का प्रमाण है कि वह गांधी परिवार की बेहद वफादार, समर्पित और भरोसेमंद नेता हैं।
पूर्व विधायक ने दावा किया कि आने वाले 6 महीनों में कुमारी सैलजा हरियाणा की राजनीति में नंबर-1 की भूमिका में नजर आएंगी और उनके हाथों में हरियाणा कांग्रेस का भविष्य पूरी तरह सुरक्षित है।
सोनिया गांधी की किताब में मिले विशेष उल्लेख के मायने
शमशेर सिंह गोगोी ने कहा कि सोनिया गांधी जैसी राष्ट्रीय स्तर की वरिष्ठ नेता ने अपनी पुस्तक में कुमारी सैलजा के साथ राजनीतिक यात्राओं, संगठनात्मक गतिविधियों और व्यक्तिगत संबंधों से जुड़े अनुभव साझा किए हैं। यह सैलजा के राजनीतिक कद, वर्षों की कड़ी मेहनत और पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा का बड़ा सम्मान है।
गोगोी ने जोर देकर कहा कि कुमारी सैलजा ने कठिन से कठिन राजनीतिक परिस्थितियों में भी अपनी अलग पहचान बनाए रखी और पार्टी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को हमेशा कायम रखा। राष्ट्रीय नेतृत्व का उन पर विश्वास और सम्मान उनके लंबे राजनीतिक सफर का ही परिणाम है।

