Yuva Haryana: जननायक जनता पार्टी (जजपा) की युवा इकाई के प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने हरियाणा की भाजपा सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया है कि सिरसा स्थित चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय की 52 एकड़ जमीन को सरकार कौड़ियों के भाव प्राइवेट बिल्डर्स को देना चाहती है, लेकिन जजपा इस षड्यंत्र को किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने देगी।
दिग्विजय चौटाला ने कहा कि हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौ. ओमप्रकाश चौटाला ने चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय का निर्माण इसलिए करवाया था ताकि ग्रामीण आंचल के विद्यार्थी अच्छी शिक्षा प्राप्त कर सकें। मगर प्रदेश की मौजूदा सरकार भूमाफिया को संरक्षित कर रही है और इसी कड़ी में यह भूमाफिया अब चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय सिरसा की 52 एकड़ भूमि को एक गहरे षड्यंत्र के तहत हथियाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि उपरोक्त जमीन के अधिकांश हिस्से पर चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय प्रशासन का कब्जा है।
सरकार पर दबाव बनाने और मिलीभगत का आरोप
दिग्विजय चौटाला ने दावा किया कि उन्हें इस बात की जानकारी है कि सरकार विश्वविद्यालय प्रशासन पर लगातार दबाव बना रही है ताकि प्रशासन इस मामले की आगे न्यायालय में पैरवी न कर सके। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार का एक बड़ा प्रशासनिक अधिकारी इस षड्यंत्र को सिरे चढ़ाने के उद्देश्य से सिरसा का दौरा भी कर चुका है।
उन्होंने बताया कि सरकार ने आगामी 9 दिसंबर तक यह जमीन मुजारों को सौंपने की बात कही है, जबकि सरकार से संरक्षित भूमाफिया ने इन मुजारों से इस भूमि में से कुछ भूमि का औने-पौने दामों में बॉन्ड भरवा लिया है। इन भूमाफियाओं को लाभ पहुंचाने के लिए सरकार हर संभव प्रयास कर रही है और किसी भी कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन पर दबाव बनाया जा रहा है।
अंत में दिग्विजय चौटाला ने दो टूक शब्दों में कहा कि जजपा इस बेशकीमती जमीन को बचाने के लिए सड़क से लेकर अदालत तक यानी आंदोलन और कानून दोनों कासहारा लेगी।

