Yuva Haryana: टिटौली गांव के रहने वाले 25 वर्षीय धीरज की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का रोहतक पुलिस ने मंगलवार को खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में धीरज की हत्या का आरोप उसकी लिव-इन पार्टनर स्वीटी पर साबित हुआ है। 15 घंटे चली कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपी महिला ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
3 किले जमीन पर थी नजर, 25 दिन पहले रची साजिश
जांच में सामने आया है कि धीरज अपने परिवार का इकलौता बेटा था और उसके नाम करोड़ों रुपये कीमत की 3 किले (एकड़) जमीन थी। परिजनों का आरोप है कि स्वीटी की नजर धीरज की इसी कीमती जमीन पर थी। वह धीरज पर जमीन अपने नाम कराने का दबाव बना रही थी, लेकिन धीरज ने इससे इनकार कर दिया था। इसके बाद स्वीटी ने हत्या की साजिश रची और साजिश के तहत ही करीब 20 दिन पहले धीरज को गांव टिटौली से लाकर प्रेम नगर में किराए के मकान में रहने लगी थी। उसने पहले ही लिव-इन का प्रमाण पत्र भी बनवा लिया था ताकि धीरज की मौत के बाद जमीन पर दावा किया जा सके।
शराब पिलाकर चुन्नी से घोंटा गला
पुलिस पूछताछ में स्वीटी ने बताया कि शनिवार को उसका धीरज के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। शनिवार रात करीब 10 बजे धीरज ने घर में शराब पी, जिससे वह अत्यधिक नशे/बेहोशी की हालत में पहुंच गया। इसी मौके का फायदा उठाकर स्वीटी ने पहले धीरज के दोनों हाथ चुन्नी से पीछे बांध दिए। इसके बाद वह उसकी छाती पर बैठ गई और चुन्नी से उसका गला तब तक दबाए रखा जब तक कि धीरज की सांसें बंद नहीं हो गईं।
धीरज की मौत सुनिश्चित करने के बाद स्वीटी ने उसके हाथ खोले, गले से चुन्नी निकाली और खुद ही पुलिस को गुमराह करने के इरादे से सूचना दी।
CCTV खंगाले, किसी और की आवाजाही नहीं मिली
पुरानी सब्जी मंडी थाना प्रभारी निरीक्षक परमजीत ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल वाले मकान के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में केवल धीरज ही घर के अंदर जाता हुआ दिखाई दिया और किसी भी अन्य बाहरी व्यक्ति की गतिविधि सामने नहीं आई।
बुधवार को कोर्ट में होगी पेशी
थाना प्रभारी परमजीत के अनुसार, जांच में अभी तक केवल स्वीटी ही मुख्य आरोपी पाई गई है और उसके पति या किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने नहीं आई है। आरोपी महिला के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस बुधवार को उसे अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी ताकि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की पूछताछ की जा सके।

