Yuva Haryana: हरियाणा कांग्रेस ने शनिवार को गुरुग्राम के फर्रुखनगर और चरखी दादरी के बाढड़ा में ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के तहत विरोध प्रदर्शन आयोजित किया। फर्रुखनगर में ब्लॉक अध्यक्ष सुनील यादव के नेतृत्व में कार्यक्रम का आयोजन किया गया, वहीं बाढड़ा में कार्यकर्ताओं ने विशाल मार्च निकालकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की और उनका प्रतीकात्मक पुतला फूंका।
दोनों ही स्थानों पर आयोजित प्रदर्शनों में पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर विशेष रूप से मौजूद रहे। इसके बाद देर शाम कैथल में एक भव्य मशाल मार्च भी निकाला गया।
जन-जन की आवाज बना कांग्रेस का संघर्ष
कांग्रेस के सह-प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि ‘वोट चोरी’ और ‘चंदा चोरी’ जैसे गंभीर मुद्दों पर कांग्रेस का संघर्ष अब जन-जन की आवाज बन चुका है। उन्होंने कहा कि जनता के मताधिकार से जुड़ी शिकायतों का जवाब देना और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। संजय दत्त ने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच, कानून के अनुसार कार्रवाई और उनके इस्तीफे की मांग उठाई।
लोकतंत्र की रक्षा के लिए बैलेट पेपर जरूरी
हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि निष्पक्ष चुनाव ही लोकतंत्र की असली बुनियाद हैं। मतदाताओं का भरोसा कायम रखने के लिए चुनावी अनियमितताओं की पारदर्शी जांच होनी चाहिए और आगामी चुनाव बैलेट पेपर (Ballot Paper) से कराए जाने चाहिए।
किसानों की समस्याओं पर घेरा
बाढड़ा में प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने किसानों के मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया। संजय दत्त और राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि बाजरे के पंजीकरण, सत्यापन और खरीद में हो रही देरी से किसान बेहद परेशान हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ‘भावांतर भरपाई योजना’ को लेकर स्थिति अभी तक स्पष्ट नहीं है।

