Yuva Haryana: अब दुग्ध उत्पाद और मिठाइयां खरीदते समय ग्राहकों को केवल पैकेट पर छपी एक्सपायरी डेट या डिब्बा खोलकर उसकी ताजगी का अंदाजा लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। राष्ट्रीय डेयरी अनुसंधान संस्थान (एनडीआरआई, Karnal) के वैज्ञानिकों ने सात साल के गहन शोध के बाद एक ऐसी स्मार्ट पैकेजिंग तकनीक विकसित की है, जिसमें पैकेट पर लगा विशेष ‘स्मार्ट फ्रेशनेस इंडिकेटर टैग’ रंग बदलकर उत्पाद की ताजगी और गुणवत्ता की जानकारी देगा।
कैसे काम करता है यह स्मार्ट सेंसर?
एनडीआरआई के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. पी. नरेंद्र राजू के मुताबिक, इस तकनीक की सबसे बड़ी खासियत यह है कि उत्पाद की स्थिति के अनुसार टैग का रंग बदलता है।
शुरुआत में इस सेंसर टैग का रंग पीला होता है।
जैसे-जैसे मिठाई या डेयरी उत्पाद में बासीपन आता है, उसकी सुगंध और रासायनिक संरचना में बदलाव होने लगता है।
इसी रासायनिक बदलाव के अनुरूप सेंसर का रंग बदलकर गहरा होने लगता है, जो उत्पाद की गुणवत्ता में गिरावट और खराब होने की स्थिति का संकेत देता है।
पांच उत्पादों के लिए टैग तैयार, मैसूर पाक पर शोध जारी
संस्थान के निदेशक डॉ. धीर सिंह ने बताया कि फिलहाल बर्फी, बंगाली मिठाई संदेश, मिस्टी दोई, मावा और दही के लिए पांच तरह के सेंसर टैग तैयार किए गए हैं। इस शोध टीम में डॉ. पी. नरेंद्र राजू, संयुक्त निदेशक डॉ. आशीष कुमार सिंह, डेयरी प्रौद्योगिकी विभाग की प्रमुख डॉ. संगीता गांगुली और पीएचडी स्कॉलर्स शामिल रहे। टीम अब दक्षिण भारत की लोकप्रिय मिठाई मैसूर पाक के लिए भी इसी तरह की तकनीक विकसित करने पर काम कर रही है।
एक्सपायरी डेट पर निर्भरता घटेगी, निर्यात को मिलेगा बढ़ावा
वैज्ञानिकों के अनुसार, खरीदारी करते समय लोग अक्सर एक्सपायरी डेट देखते हैं, लेकिन सप्लाई चेन और रिटेल तक पहुंचने के दौरान तापमान व रखरखाव कैसा रहा, इसकी जानकारी ग्राहकों को नहीं मिल पाती। कई बार एक्सपायरी डेट बाकी होने के बावजूद उत्पाद खराब मिल जाता है, जिसे यह स्मार्ट सेंसर रोकने में मदद करेगा।
डॉ. धीर सिंह ने कहा कि इस तकनीक का पेटेंट हो चुका है और इसे बाजार में उपलब्ध कराने के लिए कंपनियों को देने की तैयारी है। विदेशों में मिठाई निर्यात करने वाली कंपनियां तथा मथुरा के पेड़े और बनारस के लाल पेड़े से जुड़े संगठनों ने भी इसमें रुचि दिखाई है। इससे पारंपरिक भारतीय मिठाइयों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने और ग्राहकों व कंपनियों के बीच भरोसा बढ़ाने में मदद मिलेगी।

