Yuva Haryana: फर्जी रेडक्रॉस और फर्स्ट एड ट्रेनिंग सर्टिफिकेट जारी करने के मामले में गिरफ्तार आरोपी राजपाल पूनिया को रिमांड अवधि पूरी होने के बाद शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
2023 से चल रहा था फर्जीवाड़ा, कई जिलों में नेटवर्क फैलने की आशंका
सीआईए स्टाफ नारनौंद की टीम अब इस गिरोह के पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि यह फर्जीवाड़ा वर्ष 2023 से चल रहा था। ऐसे में हजारों फर्जी प्रमाण पत्र जारी किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस कई एनजीओ, संस्थाओं और वेबसाइटों की भूमिका की भी जांच कर रही है। आशंका है कि गिरोह का नेटवर्क प्रदेश के कई जिलों तक फैला हो सकता है।
बिना ट्रेनिंग और हस्ताक्षर के प्रमाण पत्र जारी करने का आरोप
सूत्रों के अनुसार, मुंबई के भांडुप निवासी डॉ. मंजीत सिंह अरोड़ा की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है। आरोप है कि बिना प्रशिक्षण कराए और बिना हस्ताक्षर के प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया में उनकी भूमिका रहती थी, जिसके बदले उन्हें रकम में हिस्सा मिलता था।
सीआईए स्टाफ नारनौंद के सब इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पूछताछ और बरामद दस्तावेजों के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। जरूरत पड़ने पर आरोपी राजपाल को दोबारा रिमांड पर भी लिया जा सकता है।
कंडक्टर लाइसेंस बनवाने के दौरान सामने आया मामला
हांसी के गांव ढाणी पीरान निवासी सुमेर सिंह की शिकायत पर सीआईए ने जांच शुरू की थी। उन्हें कंडक्टर लाइसेंस बनवाने के लिए फर्स्ट एड ट्रेनिंग सर्टिफिकेट की जरूरत थी। ऑनलाइन सर्च के दौरान उन्हें सेंट जॉन एम्बुलेंस इंटरनेशनल एसोसिएशन की वेबसाइट मिली। आरोप है कि प्रमाण पत्र बनवाने के नाम पर उनसे ऑनलाइन 2500 रुपये लिए गए और व्हाट्सएप पर प्रमाण पत्र भेज दिया गया।
जब सुमेर सिंह ने हिसार आरटीए कार्यालय में कंडक्टर लाइसेंस के लिए दस्तावेज जमा करवाए, तो अधिकारियों ने प्रमाण पत्र को फर्जी बताते हुए लाइसेंस जारी करने से इनकार कर दिया। इसके बाद उन्होंने अनीता, कोमल, शेखर, राजपाल और डॉ. मंजीत सिंह अरोड़ा सहित अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत दी।
पुलिस अब बरामद दस्तावेजों, बैंक खातों और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि कितने फर्जी प्रमाण पत्र जारी किए गए और कितने लोगों ने इनके आधार पर कंडक्टर लाइसेंस हासिल किए।

