Yuva Haryana : देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसी महीने हरियाणा के दौरे पर आ रहे हैं। वे 25 नवंबर को धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में आएंगे और विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। इसकी जानकारी हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दी।
25 नवंबर को प्रधानमंत्री हरियाणा की ख्याति को विश्व स्तर तक पहुंचाने वाले अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव कार्यक्रम में पहुंचेंगे। साथ ही वे कुरुक्षेत्र में हिंद की चादर श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें बलिदान दिवस पर होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम में भी शिरकत करेंगे। इस दौरान पीएम हरियाणा को करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की कई सौगातें भी दे सकते हैं।
पीएम मोदी का पिछले एक साल में हरियाणा में यह तीसरा दौरा होगा। अंतिम बार पीएम 14 अप्रैल 2025 को हिसार आए थे।
अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव कार्यक्रम के बारे में सीएम सैनी ने कहा कि श्रद्धालुओं की बढ़ती तादाद को देखते हुए कुरुक्षेत्र में रिंग रोड की योजना पर तेजी से काम चल रहा है। इसकी डीपीआर लगभग तैयार हो चुकी है। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने कुरुक्षेत्र के विकास के लिए 250 करोड़ रुपये की राशि जारी की है, जिससे धर्मनगरी को नया स्वरूप मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वर्ष 2014 में कुरुक्षेत्र में आयोजित जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि गीता की जन्मभूमि कुरुक्षेत्र को वैश्विक पहचान मिलनी चाहिए और इसी पर कार्य करते हुए प्रदेश सरकार ने कुरुक्षेत्र को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए अनेक कार्यों को अमलीजामा पहनाया है।
उन्होंने कहा क आज धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र में न केवल देश से बल्कि विदेशों से भारी संख्या में पर्यटक, सैलानी व श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। आज गीता जयंती महोत्सव को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति दिलाई है।
सीएम ने कहा कि धर्मनगरी को भव्य और आकर्षक बनाया जा रहा है। ज्योतिसर में महाभारत कालीन घटनाओं पर आधारित अनुभव केंद्र बनकर लगभग तैयार है। 25 नवंबर को हिंद दी चादर श्री गुरु तेग बहादुर के 350वें शहीदी दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कुरुक्षेत्र आ रहे है, उस दिन वे अंतरराष्ट्रीय गीत महोत्सव में भी शिरकत करेंगे ।

गुरु तेग बहादुर साहिब के शहीदी दिवस के कार्यक्रमों को लेकर सोमवार को सर्वदलीय बैठक भी हुई। बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कैबिनेट मंत्री अनिल विज, भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, जेजेपी के प्रदेशाध्यक्ष बृज शर्मा, बहुजन समाज पार्टी के नेता कृष्ण जमालपुर, इनेलो के गुरविंदर धमीजा, आम आदमी पार्टी से सुशील गुप्ता सहित अन्य कई नेता उपस्थित रहे।



