हरियाणा के आरक्षित वन क्षेत्रों में खैर और सफेदे के पेड़ों की अवैध कटाई के मामले लगातार सामने आ रहे हैं, जिससे वन विभाग की निगरानी और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। पंचकूला के आसरेवाली वन क्षेत्र, यमुनानगर के कलेसर और फरीदाबाद के अलीपुर के बाद अब अंबाला के शहजादपुर में पेड़ों की अवैध कटाई में विभागीय लापरवाही और मिलीभगत का मामला सामने आया है।
उत्तरी मंडल के वन संरक्षक ने शहजादपुर ब्लॉक के प्रभारी वन दरोगा मौसम को तत्काल निलंबित करने की सिफारिश की है। उन्होंने प्रधान मुख्य वन संरक्षक और वन बल प्रमुख को भेजी अपनी रिपोर्ट में दो अलग-अलग घटनाओं का ब्योरा दिया है।
पहली घटना: अवैध खनन और ट्रॉली छोड़ने का मामला
रिपोर्ट के अनुसार, पहली घटना 4 नवंबर 2026 की है। नारायणगढ़ रेंज के शहजादपुर ब्लॉक में अवैध खनन की सूचना पर वन विभाग की टीम ने रात को गश्त की। मौके पर संबंधित वन गार्ड मौजूद मिला, जबकि ब्लॉक प्रभारी वन दरोगा मौसम अनुपस्थित थे। गश्त के दौरान टीम ने खनन में इस्तेमाल हो रही एक ट्रॉली को पकड़ा और नारायणगढ़ रेंज को सौंप दिया। आरोप है कि बाद में इस ट्रॉली को अंबाला के उप वन संरक्षक की जानकारी और अनुमति के बिना ही छोड़ दिया गया।
दूसरी घटना: आठ पेड़ काटे मिले, साक्ष्य मिटाने का आरोप
दूसरी घटना में 5 नवंबर को पेड़ों की कटाई की सूचना मिली। इसके बाद 7 नवंबर को किए गए निरीक्षण में आठ पेड़ कटे हुए पाए गए। जांच के दौरान यह बात सामने आई कि साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से काटे गए पेड़ों की लकड़ी और ठूंठ भी मौके से दूसरी जगह भेज दिए गए थे।
सख्त कार्रवाई की सिफारिश और मंत्री का बयान
वन संरक्षक ने दोनों घटनाओं को गंभीर लापरवाही और अनियमितता मानते हुए वन दरोगा मौसम को निलंबित करने तथा नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की सिफारिश की है। रिपोर्ट में यह भी स्पष्ट किया गया है कि लिंक अधिकारी को विशेष प्रत्यायोजन के बिना निलंबन जैसी अर्ध-न्यायिक शक्तियां प्राप्त नहीं हैं।
इस पूरे मामले पर पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि वन क्षेत्र में अवैध तरीके से पेड़ों की कटाई के मामलों में उच्चाधिकारियों की समितियां बनाकर जांच कराई गई है। जांच के आधार पर लापरवाह और मिलीभगत करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है और आगे ऐसे अपराध रोकने के लिए निगरानी कमेटी भी गठित की गई है।

