Yuva Haryana: हरियाणा में गैंगवार की घटनाओं और आपराधिक गतिविधियों के बीच पुलिस की नाकाबंदी व्यवस्था पर उठे सवालों के बाद पुलिस मुख्यालय ने कड़ा रुख अपनाया है। रोहतक में गैंगवार और कई जिलों में रात्रि नाकों पर बरती गई लापरवाही के मामले सामने आने के बाद अब प्रदेशभर में सुरक्षा और जांच व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी और औचक निरीक्षण
नए निर्देशों के तहत प्रदेश के सभी पुलिस कमिश्नर और पुलिस अधीक्षक स्वयं नाकों की निगरानी करेंगे और समय-समय पर औचक जांच भी करेंगे। सड़क के दोनों तरफ नाके लगाकर वाहनों की जांच सुनिश्चित करनी होगी, विशेषकर भारी वाहनों की गहन तलाशी लेने के निर्देश दिए गए हैं।
डीआईजी कानून-व्यवस्था का लिखित आदेश
डीआईजी कानून-व्यवस्था आईपीएस अभिषेक जोरवाल ने लिखित आदेश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि नाकाबंदी केवल वाहनों की गिनती दिखाने की औपचारिकता नहीं है। इसका मुख्य उद्देश्य अपराधियों की आवाजाही रोकना और अवैध हथियारों, नशीले पदार्थों, शराब, चोरी के वाहनों तथा अन्य प्रतिबंधित सामान की तस्करी पर अंकुश लगाना है। साथ ही अंतरराज्यीय और अंतर-जिला तस्करी रोकने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।
ड्यूटी से पहले ब्रीफिंग और रिकॉर्ड रखना अनिवार्य
आदेश के अनुसार पुलिसकर्मियों को ड्यूटी शुरू करने से पहले ब्रीफ करना, संदिग्ध वाहनों की गहन जांच करना और की गई कार्रवाई का सही रिकॉर्ड रखना अनिवार्य होगा। नाकों पर तैनात कर्मचारियों की ड्यूटी में निष्पक्ष रोटेशन व्यवस्था लागू करने के निर्देश भी दिए गए हैं। मुख्यालय ने चेतावनी दी है कि लापरवाही या आदेशों की अवहेलना को गंभीरता से लिया जाएगा।
जांच के नाम पर खानापूरी पर सख्ती
पुलिस मुख्यालय की समीक्षा में यह बात सामने आई थी कि कई नाकों पर वाहन बिना जांच के निकल रहे थे। कुछ स्थानों पर केवल सड़क की एक दिशा में नाके लगाए गए, जबकि दूसरी तरफ से आने वाले वाहन बिना रोक-टोक गुजरते रहे। भारी वाहनों की जांच में भी ढिलाई पाई गई थी। समीक्षा रिपोर्ट के मुताबिक कई जगहों पर बड़ी संख्या में वाहनों की जांच दर्ज तो की गई, लेकिन संदिग्ध गतिविधियों का पता लगाने, अवैध सामान की बरामदगी और चालान की कार्रवाई बेहद कम रही।

