Yuva Haryana: हरियाणा के किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) धारकों के लिए एक राहत भरी खबर है। हरियाणा राज्य सहकारी एपेक्स बैंक लिमिटेड (हरको बैंक) ने किसान क्रेडिट कार्ड धारक किसानों के लिए एक नई ‘व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा योजना’ लागू की है। इस योजना के तहत राज्य के लगभग 5 लाख किसानों को 50,000 रुपये तक का दुर्घटना बीमा कवर प्रदान किया जाएगा।
कुल 1.90 रुपये के प्रीमियम में बैंक देगा 1.27 रुपये
इस दुर्घटना बीमा योजना का कुल वार्षिक प्रीमियम केवल 1.90 रुपये निर्धारित किया गया है। इसमें से बड़ा हिस्सा यानी 1.27 रुपये का प्रीमियम हरको बैंक खुद वहन करेगा। किसानों को जेब से प्रतिवर्ष मात्र 63 पैसे का ही भुगतान करना होगा।
जानिए किस स्थिति में मिलेगा कितना बीमा कवर:
दुर्घटना में मृत्यु होने पर: बाह्य, हिंसक एवं दृश्यमान साधनों से हुई दुर्घटना के कारण मृत्यु होने की स्थिति में (समझौता अवधि 1 वर्ष तक) परिजनों को 50,000 रुपये का बीमा कवर मिलेगा।
पूर्ण स्थायी विकलांगता: दोनों आंखों की क्षति या पूर्ण स्थायी विकलांगता की स्थिति में 50,000 रुपये का बीमा कवर दिया जाएगा।
आंशिक क्षति होने पर: शरीर के किसी एक अंग या एक आंख की क्षति होने की स्थिति में 25,000 रुपये तक का बीमा कवर उपलब्ध होगा।
दुर्घटना होने पर 120 दिनों (4 माह) के भीतर देनी होगी सूचना
हरको बैंक के प्रबंध निदेशक सुशील सारवान ने बताया कि योजना के अंतर्गत बीमा दावा (Claim) प्रस्तुत करने के लिए किसानों को दुर्घटना होने की तिथि से 120 दिनों (4 महीने) के भीतर संबंधित बीमा कंपनी को सूचित करना अनिवार्य होगा।

