Yuva Haryana: हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने शनिवार को भाजपा सरकार पर खिलाड़ियों को डीएसपी (DSP) जैसे उच्च पदों पर नियुक्ति के अधिकार से वंचित रखने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल के दौरान डीएसपी बने खिलाड़ियों को आज तक पदोन्नति (प्रमोशन) तक नहीं दी गई है।
हुड्डा रोहतक के किलोई में आयोजित 40वीं डॉ. रामधन सिंह मेमोरियल बास्केटबॉल और कबड्डी प्रतियोगिता में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए थे। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल युवा पीढ़ी को नशे और अपराध से बचाने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। उनके अनुसार, खेलों में मिली उपलब्धियां युवाओं का भविष्य सुरक्षित करती हैं और आज दुनिया में वही देश तरक्की कर रहे हैं जो खेलों में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी देश के विकास को मापने में खेलों का स्तर भी एक महत्वपूर्ण पैमाना बन गया है, इसलिए खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं को शारीरिक गतिविधियों से जोड़ने वाली संस्थाएं सराहना की पात्र हैं।
खिलाड़ियों को सम्मानित और पुरस्कृत करने में सरकार की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस सरकार की ‘पदक लाओ, पद पाओ’ नीति को बंद करके भाजपा ने खिलाड़ियों को डीएसपी जैसे उच्च पदों के अधिकार से वंचित किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई पदक विजेता खिलाड़ियों को एचसीएस (HCS) और एचपीएस (HPS) पदों पर नियुक्ति पाने के लिए आठ साल तक अदालत में कानूनी लड़ाई लड़नी पड़ी और भाजपा सरकार ने उन्हें पद, सम्मान और वाजिब हक से दूर रखने की हर संभव कोशिश की।
हुड्डा ने कहा कि अंततः पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट के फैसले से इन खिलाड़ियों को उनका हक मिल सका। उन्होंने दावा किया कि बीते वर्षों में सामने आए ऐसे कई मामलों से भाजपा की कथित खेल और खिलाड़ी विरोधी मानसिकता उजागर हुई है। पूर्व मुख्यमंत्री के मुताबिक, कांग्रेस सरकार के समय गांवों में सैकड़ों खेल स्टेडियम बनवाए गए थे, लेकिन भाजपा सरकार उनका सही रखरखाव तक नहीं कर पाई।

