Yuva Haryana: हरियाणा के पंचायती राज विभाग के बैंक खातों से करोड़ों रुपये की साइबर सेंधमारी मामले में अब कमीशन के खेल की परतें खुलने लगी हैं। जांच में सामने आया है कि सरकारी खजाने से निकाली गई रकम को अलग-अलग खातों में पहुंचाने के लिए कुरुक्षेत्र में फर्जी फर्म के नाम पर बैंक खाता खुलवाया गया था, जिसके लिए आधार कार्ड में पता और मोबाइल नंबर तक बदलवाए गए।
कैसे पहुंची फर्जी फर्म के खाते में रकम?
मामले में गिरफ्तार कुरुक्षेत्र निवासी आरोपी संजय कुमार उर्फ पिंकू और अभिषेक ने फर्जी फर्म ‘नीलकंठ ट्रेडर्स’ के पार्टनर बनकर खेड़ी मारकंडा में आरबीएल बैंक की सिरसमा-पिपली शाखा में चालू खाता खुलवाया था। इसी खाते में पंचायती राज विभाग के 1.98 करोड़ रुपये पहुंचे।
पुलिस जांच के अनुसार, इसके बदले बैंक के रिलेशनशिप मैनेजर (आरएम) गुरजिंदर सिंह उर्फ कैप्टन को 9 लाख रुपये दिए गए, जबकि बिचौलिए की भूमिका निभाने वाले पानीपत के तरुण कुमार को 10 लाख रुपये कमीशन मिला। पूछताछ में संजय और अभिषेक ने बताया कि नीलकंठ ट्रेडर्स के नाम पर चालू खाता खुलवाने के लिए आधार कार्ड में पता और मोबाइल नंबर बदलवाए गए थे।
वहीं, पानीपत निवासी तरुण कुमार ने पुलिस को बताया कि उसने अपने साथियों राजबीर उर्फ रवि और गगनदीप के साथ मिलकर संजय और अभिषेक की फर्म का बैंक खाता आगे पहुंचवाया था। तरुण के मुताबिक, कमीशन की रकम में से दो लाख रुपये उसने पानीपत स्थित अपने घर की लोहे की अलमारी में रखे हैं।
जांच में सामने आए अहम खुलासे
बैंक आरएम के घर से मिले 80 हजार रुपये: बैंक आरएम गुरजिंदर सिंह ने 9 लाख रुपये कमीशन मिलने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने करनाल स्थित उसके घर से 80 हजार रुपये बरामद किए हैं और बाकी रकम व अन्य संलिप्त लोगों की तलाश जारी है।
523 खातों में 100।86 करोड़ का लेन-देन: शुरुआत में पंचायती राज संस्थाओं के बैंक खातों से 74।70 लाख रुपये के सात संदिग्ध ट्रांजेक्शन की शिकायत पर जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी (मुख्यालय) प्रदीप कुमार की शिकायत पर 19 नवंबर को साइबर क्राइम थाना सेक्टर-20 पंचकूला में केस दर्ज किया गया था। आगे की जांच में विभाग के 523 बैंक खातों में 1,897 लेन-देन के जरिए करीब 100।86 करोड़ रुपये के लेन-देन का ब्योरा मिला है। पुलिस ने इस संबंध में पेन ड्राइव भी कब्जे में ली है।
नौकरी का झांसा देकर खुलवाए म्यूल खाते: हर महीने 15 हजार रुपये वेतन का लालच देकर लोगों के नाम पर फर्मों के बैंक खाते खुलवाए गए और उनमें सरकारी रकम पहुंचने के बाद उसे दूसरे खातों में ट्रांसफर किया जाता था। गिरफ्तार आरोपियों मुकेश कुमार और उत्पल कांत ने नोएडा में ‘द सॉफ्ट सफारी टॉयज प्रा। लि।’ नाम से फर्जी कंपनी बनाई थी, जिसके खाते में सबसे पहले 74।70 लाख रुपये ट्रांसफर हुए थे। तरुण के साथी राजबीर और लेन-देन में संलिप्त सह-आरोपी मनिंदर सिंह अभी फरार हैं।
लखनऊ, लुधियाना, अमृतसर और राजस्थान तक जुड़े तार: एसआईटी की चार टीमें बैंक खातों, फर्मों के दस्तावेजों, नेट बैंकिंग और डिजिटल लेन-देन की कड़ियां जोड़ रही हैं। मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया गया है।
अन्य जिलों में भी बढ़ रही निकासी की राशि
राज्य वित्त आयोग की रकम जारी होने के दो हफ्ते बाद निकासी: विकास एवं पंचायती राज विभाग के पीएनबी खातों से रकम निकाले जाने के मामले में सामने आया है कि विभाग की ओर से राज्य वित्त आयोग की रकम भेजने के करीब दो सप्ताह के अंदर ही खातों से रुपये निकाले गए हैं। पंचायती राज निदेशालय ने 30 अक्टूबर को 579 करोड़ रुपये खातों में भेजे थे (जिसमें 481।125 करोड़ रुपये सामान्य अनुदान और 97।875 करोड़ रुपये अनुसूचित जाति जुड़ी अनुदान राशि थी)। अब तक 100 करोड़ रुपये से अधिक रकम निकालने की जानकारी सामने आ चुकी है।
पीएनबी के खिलाफ शिकायत पर जांच के बाद फैसला: विकास एवं पंचायती राज विभाग के मंत्री कृष्णलाल पंवार ने कहा है कि पीएनबी के खातों से बगैर ओटीपी के रुपये निकाले गए हैं। उनके अनुसार, पीएनबी के खिलाफ शिकायत देनी है या नहीं, इसके लिए पूरी जांच का निष्कर्ष निकलने का इंतजार है और इसके बाद विभागीय जांच भी कराई जाएगी। मामला मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाया जा चुका है और कितनी राशि निकली है, इसका ब्योरा तैयार कराया जा रहा है।
अन्य जिलों का हाल: हांसी-हिसार जिले के 309 गांवों, ब्लॉक समितियों और जिला परिषद के खातों से करीब 9 करोड़ रुपये निकाले जाने तथा 43 पंचायतों, 9 ब्लॉक समितियों और एक जिला परिषद के खाते से 7।30 करोड़ रुपये निकाले जाने की रिपोर्ट मिली है। फतेहाबाद जिले में यह आंकड़ा 2।13 करोड़ रुपये पहुंचा है, जबकि गुरुवार को आठ ग्राम पंचायतों के खातों से करीब 45 लाख रुपये की निकासी का नया मामला सामने आया। दादरी, बाढड़ा और झोझू कलां पंचायत समितियों व ग्राम पंचायतों के बैंक खातों से 3।08 करोड़ रुपये, पानीपत में करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये और कैथल की 13 पंचायतों, दो पंचायत समितियों व जिला परिषद के खातों से चार करोड़ रुपये से अधिक की निकासी का रिकॉर्ड मिला है।

