Yuva Haryana: सिवानी क्षेत्र में गुरुवार शाम बदमाशों ने एक व्यापारी से करीब 54 लाख रुपये लूट लिए। गांव ढाणी सिल्हांवाली निवासी व्यापारी जयमोहन अपनी कार से ग्वार खरीदने की रकम लेकर सिवानी आ रहे थे।
जानकारी के अनुसार, जयमोहन जब लीलस के रास्ते से होते हुए NH-52 के पुल के नीचे वाले रास्ते पर पहुंचे, तो वहां एक व्यक्ति सड़क पर लेटा दिखाई दिया। व्यापारी ने कार रोककर नीचे उतरकर देखा तो सड़क पर लेटा व्यक्ति खड़ा हो गया और इसी दौरान दूसरा बदमाश भी वहां आ पहुंचा। बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर व्यापारी से नकदी से भरा थैला लूटा और बाइक पर सवार होकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी सुरेंद्र सिंह, थाना प्रभारी रिसाल सिंह और सीआईए की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की। डीएसपी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि लूट में पिस्टल के इस्तेमाल को लेकर अभी जांच जारी है और पुलिस हर एंगल से मामले की छानबीन कर रही है। बदमाशों की धरपकड़ के लिए कई टीमों का गठन किया गया है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

