Yuva Haryana: हरियाणा के बहादुरगढ़ की कुबेर कॉलोनी में गुरुवार रात शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब भाई की घुड़चढ़ी के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में बहन की गोली लगने से मौत हो गई। मृतका की पहचान मनीषा के रूप में हुई है, जो अपने भाई अमनदीप की शादी में शामिल होने आई थी।
जानकारी के अनुसार, कुबेर कॉलोनी में गुरुवार रात अमनदीप की घुड़चढ़ी की रस्म चल रही थी और परिवार के सदस्य व रिश्तेदार नाच-गाना कर जश्न मना रहे थे। इसी दौरान आरोप है कि दूल्हे के दोस्त दीपक ने नाचते हुए पिस्टल से हर्ष फायरिंग की, जिसकी गोली नाच रही मनीषा के सिर में जा लगी। गोली लगने से मनीषा गंभीर रूप से घायल हो गई और अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया गया है कि मनीषा रेवाड़ी जिले के ठहरबाद गांव (ससुराल रेवाड़ी) से अपने परिवार के साथ भाई की शादी में आई थी। वह दो बच्चों की मां थी, जिनमें एक बेटी और एक छोटा बेटा शामिल है। घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके और अस्पताल पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसीपी रमेश गुलिया ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर मामला हर्ष फायरिंग का प्रतीत हो रहा है और परिजनों की शिकायत के आधार पर नियमानुसार केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शव का पोस्टमार्टम नागरिक अस्पताल में कराया जा रहा है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

