Yuva Haryana : हरियाणा में उद्योगों और निवेशकों को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार जल्द नई औद्योगिक नीति लाने वाली है। इस नीति के तहत बड़ी संख्या में निवेशकों को हरियाणा की तरफ आकर्षित करने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर प्रदान करने पर जोर दिया जा रहा है।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के अनुसार दिल्ली के खारी बावली स्थित ड्राई फ्रूट मार्किट, मार्बल मार्किंग और पंजाब के अमृतसर की मजीद मार्केट को हरियाणा लाने की तैयारी चल रही है। इसके लिए व्यापारियों ने नई तैयार हुई गन्नौर फ्रूट मंडी में आने के लिए रुचि दिखाई है।
सीएम का दावा है कि हरियाणा निवेशकों के लिए पहली पसंद है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 में विकसित भारत बनाने का लक्ष्य रखा है और इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए नई-नई योजनाएं बनाई जा रही है।
सीएम ने बताया कि प्रदेश सरकार ने पिछले बजट में 10 नई आईएमटी बनाने की घोषणा की थी। इनमें से छह आईएमटी पर तेजी से काम चल रहा है और बची चार आईएमटी पर भी जल्द काम शुरू किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि आज हरियाणा जीएसटी में पहले स्थान पर है। राज्य का रोड इंफ्रास्ट्रक्चर इतना मजबूत है कि तीन से चार घंटे में एक कोने से दूसरे कोने तक जाया जा सकता है। प्रदेश में दिल्ली एयरपोर्ट, हिसार एयरपोर्ट, चंडीगढ़ एयरपोर्ट से सीधी कनेक्टिविटी है।
सीएम ने बताया कि फार्च्यून 500 कंपनियों में से 250 हरियाणा में काम कर रही है। ऑटोमोबाइल मैन्यूफैक्चरिंग में देशभर में हरियाणा पहले स्थान पर है।



