Yuva Haryana: जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला ने कहा है कि आज भाजपा सरकार की खराब नीतियों के कारण समाज का हर वर्ग प्रताड़ित हो रहा है, जिसके चलते देश और प्रदेश की जनता अब बदलाव चाहती है। जेजेपी आगामी छह दिसंबर को पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर महेंद्रगढ़ में एक विशाल ‘जन-जन अधिकार रैली’ करने जा रही है। डॉ. चौटाला ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे छह दिसंबर को महेंद्रगढ़ में एकजुट होकर भाजपा सरकार के खिलाफ हुंकार भरें, ताकि हरियाणा में एक मजबूत बदलाव की नींव रखी जा सके।
शनिवार को जेजेपी प्रमुख डॉ. अजय सिंह चौटाला, पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, जेजेपी प्रदेश अध्यक्ष बृज शर्मा और अन्य वरिष्ठ नेता पानीपत तथा सोनीपत में रैली की तैयारियों के सिलसिले में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से रूबरू हुए।
चुनाव आयोग और भाजपा पर बरसे दुष्यंत चौटाला
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने भारतीय चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और भाजपा सरकार की मंशा पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जनता जब चुनाव आयोग से सवाल करती है, तो उसका जवाब भाजपा की ओर से दिया जाता है। इससे यह साफ जाहिर है कि चुनाव आयोग निष्पक्ष रूप से काम करने के बजाय भाजपा के दिशा-निर्देशों पर चलकर नागरिकों के अधिकारों का हनन कर रहा है।
दुष्यंत चौटाला ने आरोप लगाया कि भाजपा अपनी नाकामियों को छिपाने और जनता का ध्यान भटकाने के लिए हर संवेदनशील मुद्दे को धार्मिक रंग देने में जुटी है। यहां तक कि ‘वोट डकैती’ जैसे गंभीर मुद्दों को भी धार्मिक एंगल दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की फसल बिक्री जैसे बुनियादी मुद्दों को भुलाकर भाजपा सरकार केवल कट्टरता को बढ़ावा दे रही है।
धान खरीद घोटाले पर सीबीआई जांच की मांग
धान खरीद के मुद्दे पर राज्य सरकार को घेरते हुए दुष्यंत चौटाला ने कहा कि आज मंडियों में किसानों की फसलों का कोई खरीदार नहीं मिल रहा है और मुख्यमंत्री नायब सैनी पंजाब के दौरों में व्यस्त हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मंडियों में धान की खरीद के दौरान एक बहुत बड़ा घोटाला हुआ है। जेजेपी इस घोटाले को न केवल उजागर करेगी, बल्कि इसकी सीबीआई जांच की मांग को लेकर इस मामले को प्रधानमंत्री तक भी पहुंचाएगी।
कांग्रेस और भाजपा पर ‘फ्रेंडली मैच’ खेलने का आरोप
कांग्रेस पार्टी पर कटाक्ष करते हुए दुष्यंत चौटाला ने कहा कि भाजपा और पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा आपस में ‘फ्रेंडली मैच’ खेल रहे हैं। प्रदेश की जनता से जुड़े वास्तविक मुद्दों को उठाने के बजाय हुड्डा पिता-पुत्र दिल्ली दरबार में हाजिरी लगाने में व्यस्त रहते हैं।
महेंद्रगढ़ रैली को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह
इस अवसर पर जेजेपी प्रदेश अध्यक्ष बृज शर्मा ने कहा कि पार्टी प्रमुखता के साथ जनता के हर एक मुद्दे को उठा रही है। उन्होंने सभी पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे महेंद्रगढ़ रैली की तैयारियों में जी-जान से जुट जाएं। बृज शर्मा ने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत के दम पर महेंद्रगढ़ की पावन धरा पर एक ऐतिहासिक रैली का आयोजन किया जाएगा, जिसका पूरे देश और प्रदेश की राजनीति पर बड़ा संदेश जाएगा।

