Yuva Haryana: हरियाणा में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। स्वास्थ्य विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2024 से लेकर अब तक प्रदेश के नशा मुक्ति केंद्रों में कुल 1,57,540 लोग उपचार के लिए पहुंचे हैं। इनमें 1,28,577 पुरुष और 1,160 से अधिक महिलाएं शामिल हैं। राहत की बात यह है कि समय पर उपचार और काउंसलिंग की मदद से 22,063 लोग नशे की लत को पूरी तरह छोड़कर सामान्य जीवन की मुख्यधारा में लौट चुके हैं।
18 से 45 वर्ष के युवा सबसे अधिक प्रभावित
आंकड़ों का विश्लेषण करने पर यह सामने आया है कि प्रदेश में नशे की समस्या से सबसे अधिक कामकाजी और युवा वर्ग (18 से 45 वर्ष) प्रभावित है।
- 18 से 45 वर्ष: 1,03,076 लोग
- 46 से 60 वर्ष: 35,106 लोग
- 60 वर्ष से अधिक: 18,094 लोग
- 18 वर्ष से कम (बच्चे व किशोर): 1,264 मामले
शराब से ज्यादा भुक्की, अफीम और हेरोइन का चलन
नशा मुक्ति केंद्रों में पहुंचने वाले पुरुषों के आंकड़ों से स्पष्ट है कि राज्य में नशे की चुनौती केवल शराब तक सीमित नहीं है, बल्कि पारंपरिक और सिंथेटिक नशीले पदार्थों का चलन तेजी से बढ़ा है:
- भुक्की (चूरा पोस्त): 68,948 मामले
- अफीम: 52,313 मामले
- हेरोइन: 31,470 मामले
- ओपिओइड-डोडा: 22,037 मामले
- शराब: 21,428 मामले
- अन्य नशीले पदार्थ: 16,751 मामले
- तंबाकू: 15,028 मामले
- स्मैक: 11,516 मामले
- कैनाबिस (गांजा/भांग): 5,072 मामले
- बेंजोडायजेपाइन (नींद/नशे की दवाएं): 1,122 मामले
- इनहेलेंट्स व एम्फेटामाइंस: क्रमशः 230 और 134 मामले
महिलाओं में भी बढ़ी जागरूकता, उपचार के लिए आ रहीं आगे
प्रदेश में नशे की लत से जूझ रही महिलाओं का उपचार के लिए सामने आना एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। महिलाओं में भी शराब की तुलना में अन्य नशीले पदार्थों के मामले अधिक दर्ज किए गए हैं:
- अन्य नशीले पदार्थ: 434 मामले
- भुक्की: 375 मामले
- हेरोइन: 333 मामले
- अफीम: 292 मामले
- ओपिओइड-डोडा: 146 मामले
- शराब: 90 मामले
- तंबाकू: 84 मामले
- स्मैक: 52 मामले
- कैनाबिस: 40 मामले
- बेंजोडायजेपाइन, इनहेलेंट्स व एम्फेटामाइंस: क्रमशः 33, 4 और 1 मामला
जिलावार स्थिति: सिरसा सबसे आगे
जिलावार आंकड़ों पर नजर डालें तो सिरसा में सबसे अधिक 36,482 लोग उपचार के लिए नशा मुक्ति केंद्रों में पहुंचे हैं। इसके बाद प्रमुख जिलों की स्थिति इस प्रकार है:
- कैथल: 25,100
- अंबाला: 17,228
- फतेहाबाद: 14,673
- कुरुक्षेत्र: 14,475
- पंचकूला: 10,843
- करनाल: 8,854
- यमुनानगर: 6,860
- हिसार: 6,145
- जींद: 5,027
- पानीपत: 4,063
- रोहतक: 1,936
- सोनीपत: 1,872
- मेवात (नूंह): 1,123
- महेंद्रगढ़: 800
- गुरुग्राम: 786
- फरीदाबाद: 497
- भिवानी: 409
- रेवाड़ी: 131
- झज्जर: 124
- हिसार (अन्य केंद्र): 111
वैज्ञानिक उपचार और काउंसलिंग पर सरकार का जोर
स्वास्थ्य विभाग के निदेशक डॉ. ब्रह्मदीप सिंधु ने बताया कि हरियाणा को नशामुक्त बनाने के लक्ष्य के साथ सरकार नशीले पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के साथ-साथ प्रभावित लोगों के वैज्ञानिक उपचार, काउंसलिंग और सामाजिक पुनर्वास पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि नशे से जूझ रहे व्यक्ति को समाज से अलग-थलग करने के बजाय परिवार और समाज का सहयोग मिलना बेहद जरूरी है। वहीं, स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के निर्देश पर एमडी एनएचएम डॉ. आर.एस. ढिल्लों द्वारा जमीनी स्तर पर प्रयास तेज किए गए हैं और युवाओं को जागरूक करने के लिए स्कूलों व कॉलेजों में नियमित कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

