Yuva Haryana : गुटबाजी को लेकर हरियाणा कांग्रेस बेहद चर्चा में रहती है। अब कांग्रेस के नए प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह कांग्रेस के आपसी विवादों को सुलझाने के लिए नई-नई रणनीति बनाने में जुटे हुए है। इस बीच राव नरेंद्र ने अपने संगठन के पदाधिकारियों को नए दिशा-निर्देश जारी किए है।
राव नरेंद्र ने पार्टी की गुटबाजी पर अंकुश लगाने के लिए कांग्रेस के कार्यक्रमों में किन-किन नेताओं के फोटो होर्डिंग, बैनर और पोस्टरों पर लगाए जाएंगे, इसके लिए फोटो के क्रम तय किए गए है, ताकि कोई कांग्रेसी गुट अपनी मनमर्जी से फोटो के क्रम में छेड़छाड़ न कर सके।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष की नई रणनीति के मुताबिक अब से किसी भी कार्यक्रम, रैली, सम्मेलन, यात्रा, जयंती समारोह में लगने वाले बैनर, पोस्टर, होर्डिंग, डिजिटल सामग्री पर नेताओं की तस्वीरें एक तय क्रम में ही लगाई जाएगी।
कांग्रेस की प्रचार सामग्री में केवल दस वरिष्ठ नेताओं की तस्वीरें ही होगी। इनमें सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल, बीके हरिप्रसाद, राव नरेंद्र सिंह, भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कुमारी शैलजा और दीपेंद्र हुड्डा के नाम शामिल है। वहीं कांग्रेस के जिला अध्यक्ष और स्थानीय पदाधिकारी की तस्वीर सिर्फ नीचे बाई ओर ही लगाई जा सकेगी। इसके अलावा कांग्रेस द्वारा किसी और नेता या समर्थक को फोटो लगाने की अनुमति नहीं दी गई है।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र ने सभी जिला अध्यक्षों, पूर्व मुख्यमंत्री, सांसदों, विधायकों और वरिष्ठ पदाधिकारियों को पत्र भेजकर भी स्पष्ट संदेश दिया है कि आगामी सभी कार्यक्रमों में अनुशासन का पालन करना जरूरी है। अब कांग्रेस के किसी भी आयोजन को किसी व्यक्ति विशेष पर केंद्रित नहीं किया जाएगा, बल्कि वह कांग्रेस संगठन पर केंद्रित होगा।
आपको बता दें कि पिछले कई सालों से हरियाणा कांग्रेस के पोस्टरों, बैनरों पर किसी नेता की फोटो न लगाने की वजह से गुटबाजी देखने को मिलती रही है। कांग्रेस में हालात यहां तक देखने को मिलते थे कि किसी वरिष्ठ नेता की फोटो न लगने की वजह से उनके समर्थकों द्वारा विरोध में पोस्टर तक फाड़ दिए जाते थे।



