Yuva Haryana: हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में हत्या, रंगदारी और गोलीबारी की वारदातों में वांछित रोहतक का गैंगस्टर हिमांशु भाऊ और उसका करीबी फरीदाबाद का गैंगस्टर नीरज कौशिक उर्फ नीरज फरीदपुरिया को अमेरिका में गिरफ्तार कर लिया गया है। अमेरिकी आव्रजन और सीमा शुल्क प्रवर्तन (ICE) और एफबीआई ने हरियाणा एसटीएफ के इनपुट के आधार पर दोनों को लास वेगास से हिरासत में लिया है, और फिलहाल दोनोंNevada के हेंडरसन डिटेंशन सेंटर में बंद हैं।
उनकी गिरफ्तारी के बाद हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने दोनों को भारत लाने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। एसटीएफ केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) के साथ मिलकर प्रत्यर्पण की प्रक्रिया और जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने में जुटी हुई है।
लॉस वेगास में डिटेंशन सेंटर में बंद हैं दोनों
इंटरपोल से नोटिस जारी होने के बाद अमेरिकी एजेंसियों ने यह कार्रवाई की है। हिमांशु भाऊ पर 64 और नीरज कौशिक पर 44 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों गैंगस्टर विदेश में बैठकर हरियाणा और एनसीआर में आपराधिक नेटवर्क चला रहे थे।
हिमांशु भाऊ का आपराधिक सफर: रोहतक के रिटौली गांव के हिमांशु पर साल 2019 में एक प्रतिद्वंद्वी की हत्या के प्रयास का आरोप लगा था, तब वह सिर्फ 17 साल का था। वर्ष 2020 में वह 17 साथियों के साथ हिसार स्थित किशोर सुधार गृह से फरार हो गया था। इसके बाद उसने यूपी के मुरादाबाद के कुणाल सिंह के नाम पर पासपोर्ट बनवाया, पहले पुर्तगाल गया और फिर अमेरिका पहुंचा। जून 2024 में उसका पासपोर्ट रद्द हुआ और अगस्त 2023 में इंटरपोल का रेड नोटिस जारी हुआ था। एसटीएफ की जांच के अनुसार उसके नेटवर्क से 180 से अधिक सहयोगी और शूटर जुड़े हैं।
नीरज कौशिक का आपराधिक सफर: फरीदाबाद के फरीदपुर गांव के नीरज ने साल 2012 में पहली आपराधिक वारदात को अंजाम दिया था। 2015 में हत्या के एक मामले में उसे उम्रकैद की सजा हुई थी। उसके नेटवर्क से 75 से अधिक सहयोगी और शूटर जुड़े होने की जानकारी मिली है। वर्ष 2019 में कांग्रेस नेता विकास चौधरी की हत्या की साजिश में नाम आने के बाद वह चर्चा में आया। उसने गुरुग्राम के कृष्णा नगर कॉलोनी निवासी कपिल शर्मा के नाम पर पासपोर्ट बनवाया था और दुबई के रास्ते पहले कनाडा गया था।
एल्विश यादव के घर फायरिंग से लेकर बर्गर किंग हत्याकांड तक जुड़ा नाम
जांच में सामने आया है कि हिमांशु और नीरज के तार कई सनसनीखेज मामलों से जुड़े हैं:
एल्विश यादव फायरिंग: यूट्यूबर एल्विश यादव के घर के बाहर हुई फायरिंग के मामले में पकड़े गए आरोपियों के संबंध हिमांशु व नीरज से जुड़े थे, और इन्होंने ही वारदात के लिए जरूरी इंतजाम और आर्थिक मदद उपलब्ध कराई थी।
बर्गर किंग हत्याकांड: जून 2024 में दिल्ली के राजौरी गार्डन स्थित बर्गर किंग आउटलेट में अमन जून की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में भी हिमांशु का नाम सामने आया था और उसने सोशल मीडिया पर इसकी जिम्मेदारी ली थी।
अन्य वारदातें: सितंबर 2024 में दक्षिण दिल्ली में जिम ट्रेनर विजय कुमार की दिनदहाड़े हत्या के मामले में भी इनका नाम आया था।
हरियाणा एसटीएफ के अनुसार, दोनों गैंगस्टरों ने फर्जी पहचान और दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट बनवाए थे। अब उनकी वापसी के लिए संबंधित एजेंसियों से लगातार समन्वय किया जा रहा है।

