Yuva Haryana: अब गुरुग्राम में सड़क, फुटपाथ या सार्वजनिक स्थानों पर थूकना और इस्तेमाल की गई च्यूइंग गम फेंकना आपकी जेब पर भारी पड़ सकता है। शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए नगर निगम (MCG) ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है।
निगम आयुक्त के कड़े निर्देश
निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने सार्वजनिक स्थानों पर थूकने और च्यूइंग गम फेंकने वालों पर प्रति उल्लंघन 100 रुपये का जुर्माना लगाने के निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत अब गुटखा और पान मसाला खाकर सड़क पर थूकने वालों को भी चालान भुगतना पड़ेगा।
इन स्थानों पर रहेगी विशेष सख्ती
नगर निगम की ओर से जारी सार्वजनिक नोटिस के अनुसार, निगम क्षेत्र के सभी सार्वजनिक स्थलों जैसे सड़कों, फुटपाथों, पार्कों, बाजारों, बस स्टॉप और सरकारी परिसरों में गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए अधिकृत अधिकारियों और प्रवर्तन कर्मचारियों को चालान काटने तथा पूरी कार्रवाई का रिकॉर्ड सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं।

