Yuva Haryana: हरियाणा भाजपा में संगठन को मजबूत करने की कवायद के बीच टोहाना की राजनीति में एक बार फिर सियासी पारा चढ़ गया है। फतेहाबाद जिले के दौरे पर पहुंचीं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता की मौजूदगी में आयोजित ओबीसी सम्मेलन के दौरान पार्टी की आंतरिक गुटबाजी खुलकर मंच पर सामने आ गई। पूर्व मंत्री देवेंद्र बबली ने गत विधानसभा चुनाव में हुई हार को लेकर अपनों पर ही भीतरघात के गंभीर आरोप लगाए, जिस पर राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने तीखा पलटवार करते हुए नसीहत दे डाली।
देवेंद्र बबली का आरोप: ‘घरों पर भाजपा के झंडे लगाकर कांग्रेस को डलवाए वोट’
सम्मेलन को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री देवेंद्र बबली ने पार्टी संगठन के कुछ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं पर दोहरी राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान कुछ लोग सार्वजनिक रूप से भाजपा के साथ खड़े होने का नाटक करते रहे और अपने घरों पर पार्टी के झंडे भी लगाए, लेकिन मतदान के समय उन्होंने अंदरखाते कांग्रेस के पक्ष में काम किया और ‘हाथ’ के निशान पर वोट डलवाए। बबली के अनुसार, इसी भीतरघात के कारण पार्टी को हार का सामना करना पड़ा। ज्ञात हो कि जिले की तीनों विधानसभा सीटों पर मिली हार के बाद संगठन को सक्रिय करने के उद्देश्य से प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता बुधवार और बृहस्पतिवार को फतेहाबाद जिले के दौरे पर थीं, लेकिन इस दौरान दिग्गज नेताओं की आपसी खींचतान जगजाहिर हो गई।
सुभाष बराला का तंज: ‘धैर्य की परीक्षा न लें, पार्टी में कई तरह के लोग आ गए’
देवेंद्र बबली के बयानों के बाद राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने सार्वजनिक मंच से कड़ा जवाब दिया। उन्होंने संकेतों में दो टूक शब्दों में कहा कि अब बहुत हो चुका है और कुछ साथी धैर्य की परीक्षा ले रहे हैं, लेकिन भाजपा का सच्चा कार्यकर्ता कभी धैर्य नहीं खोता। बराला ने तंज कसते हुए कहा कि पार्टी के विस्तार के चलते अब संगठन में कई तरह के लोग शामिल हो चुके हैं, जबकि आज भी हमारे साथ वे समर्पित कार्यकर्ता खड़े हैं जो उस दौर से जुड़े हैं जब भाजपा का सत्ता में होना महज एक ख्वाब था।
पुरानी है ‘दादा-पोता’ की सियासी अदावत
रिश्ते में ‘दादा-पोता’ कहलाने वाले पूर्व मंत्री देवेंद्र बबली और राज्यसभा सांसद सुभाष बराला के बीच की राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता किसी से छिपी नहीं है। गत विधानसभा चुनाव में बबली भाजपा के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरे थे, लेकिन मुख्यमंत्री के तमाम प्रयासों के बावजूद सुभाष बराला चुनाव प्रचार से पूरी तरह दूर रहे थे। इससे पहले मार्च महीने में भी बबली ने सांसद बराला को ‘पार्टी का गद्दार’ और ‘कांग्रेस एजेंट’ करार दिया था, जिस पर पार्टी स्तर पर कारण बताओ नोटिस की बात भी उठी थी। दोनों नेताओं के बीच की यह तल्खी थमने का नाम नहीं ले रही है।
दिग्गजों की खींचतान का खामियाजा भुगत रहे कार्यकर्ता
दोनों दिग्गज नेताओं की इस आपसी लड़ाई का सीधा नुकसान टोहाना के आम कार्यकर्ताओं को उठाना पड़ रहा है। सरकार में हिस्सेदारी या संगठन में पदों की बात करें तो टोहाना की लगातार अनदेखी हो रही है। हाल ही में प्रदेश सरकार द्वारा की गई चेयरमैनों की नियुक्तियों में रतिया और फतेहाबाद से 5 चेयरमैन बनाए जा चुके हैं और प्रदेश महामंत्री व उपाध्यक्ष जैसे बड़े पद भी रतिया के हिस्से में आए हैं, जबकि टोहाना के कार्यकर्ता अभी तक खाली हाथ हैं।

