Yuva Haryana: हरियाणा के डबवाली में पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की भव्य प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा की गई है। मुख्यमंत्री हरियाणा की बजट घोषणा के तहत नगर परिषद डबवाली ने इसके लिए आधिकारिक तौर पर ई-टेंडर आमंत्रित कर दिए हैं। इस प्रतिमा और स्मारक के निर्माण पर लगभग 12.21 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी और प्रतिमा की ऊंचाई लगभग 6 फीट होगी।
टेंडर प्रक्रिया शुरू, लेकिन जगह तय न होने पर उठ रहे सवाल
हैरानी की बात यह है कि टेंडर प्रक्रिया शुरू होने के बावजूद अभी तक प्रतिमा की स्थापना के लिए कोई निश्चित स्थान तय नहीं किया जा सका है। सरकार ने इस कार्य को पूरा करने के लिए लगभग 7 दिसंबर की डेडलाइन तय की है। यह पूरी परियोजना मुख्यमंत्री की बजट घोषणा संख्या 29362 (वर्ष 2025) से संबंधित है। बताया जा रहा है कि शहरी स्थानीय निकाय विभाग द्वारा इस घोषणा की प्रगति और कार्य मुकम्मल होने की संभावित तिथि का ब्योरा मांगने के बाद नगर परिषद डबवाली हरकत में आई और 12 नवंबर को आनन-फानन में ई-टेंडर पोर्टल पर इसे दर्ज किया।
संभावित स्थानों पर चल रहा विचार
सूत्रों के अनुसार, शुरुआती दौर में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के लिए कम्युनिटी हॉल परिसर पर विचार किया गया था। इसके बाद अब वार्ड 4 में निर्माणाधीन विशाल पार्क, जहां 1954 की ऐतिहासिक धरोहर के रूप में भारत का विशाल प्रतीक चिन्ह ‘अशोक चिन्ह’ सहेजा गया है, वहां इस प्रतिमा को लगाने पर विचार चल रहा है। इसके अलावा, अनाज मंडी क्षेत्र में एसपी कार्यालय के निकट स्थित स्वतंत्रता सेनानी पार्क में भी उपयुक्त स्थान तलाशा जा रहा है।

