Yuva Haryana: हरियाणा में विधानसभा चुनाव-2024 के दौरान कांग्रेस पार्टी के खिलाफ बगावत पर उतरे एक पूर्व विधायक का दोबारा कांग्रेस के प्रति मोह उमड़ा है। अब उनका कहना है कि वे चुनाव के समय टिकट नहीं मिलने के चलते परेशान होकर क्रोधित हो गए थे।
दरअसल, हम बात कर रहे हैं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के करीबी रहे और नाराज चल रहे पूर्व विधायक जयतीर्थ दहिया की। चुनावी मौसम के दौरान भूपेंद्र हुड्डा और उनके बेटे दीपेंद्र हुड्डा के खिलाफ मुखर होकर बोलते आ रहे जयतीर्थ के इन दिनों सुर बदले-बदले नजर आ रहे है।

जयतीर्थ ने विधानसभा चुनाव के दौरान हुड्डा पिता-पुत्र पर टिकट वितरण के दौरान षड्यंत्र का आरोप लगाया था। लेकिन, अब उनका कहना है कि दो बार राई विधानसभा से विधायक रहने के बावजूद उनकी टिकट कटने के चलते वे परेशान हो गए थे और उसी आवेश में उन्होंने आरोप लगाए थे।
काफी समय से जयतीर्थ दहिया की इनेलो में जाने की चर्चाएं थी, लेकिन अब खुद उन्होंने कांग्रेस में था और रहूंगा की बात कही है। पिछले दिनों ही कांग्रेस प्रदेश प्रभारी बीके हरिप्रसाद और प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह से उनकी मुलाकात हुई थी और उसके बाद अब उनका यह बयान सामने आया है।
एक प्रमुख समाचार पत्र ने दावा किया है कि कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा ने जयतीर्थ दहिया को फोन करके बताया है कि उनके द्वारा विधानसभा चुनाव के दौरान दिया गया इस्तीफा पार्टी हाईकमान ने मंजूर नहीं किया है, इसलिए वे कांग्रेस में ही है।
जयतीर्थ दहिया का कहना है कि वे लगातार कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा उठाए जा रहे वोट चोरी के मुद्दे का खुलकर समर्थन कर रहे है। गुटबाजी की बजाय अब कांग्रेस एकजुट होकर बीजेपी सरकार की घेराबंदी करेगी।



