Yuva Haryana: जननायक जनता पार्टी (जजपा) के युवा प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने स्पष्ट किया है कि भाजपा के साथ जाना जजपा की बड़ी भूल थी और पार्टी भविष्य में यह गलती कभी नहीं दोहराएगी। भिवानी में पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि महेंद्रगढ़ में 6 दिसंबर को होने वाली रैली हरियाणा की राजनीति में बड़ा बदलाव लाएगी और स्थायी नौकरियों की लड़ाई का आगाज करेगी।
6 दिसंबर को महेंद्रगढ़ में ऐतिहासिक रैली का दावा
दिग्विजय चौटाला ने कहा कि महेंद्रगढ़ में हरियाणा के सबसे बड़े मैदान में 6 दिसंबर को आयोजित होने वाली रैली ऐतिहासिक होगी। उन्होंने बताया कि लंबाई-चौड़ाई के लिहाज से यह हरियाणा का बड़ा मैदान है। इस रैली के माध्यम से जजपा हरियाणा के युवाओं को स्थायी नौकरियां दिलाने और प्रदेश में केवल हरियाणा के युवाओं को ही नौकरी मिले, इसके लिए बड़ा जन आंदोलन शुरू करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार प्रदेश में बाहरी लोगों को नौकरियां देने का खेल खेल रही है, जिसके खिलाफ जजपा आवाज बुलंद करेगी।
भिवानी में कॉमनवेल्थ गेम्स आयोजित करने की मांग
प्रेस वार्ता में दिग्विजय चौटाला ने कहा कि जब खेलों में सबसे ज्यादा पदक हरियाणा के खिलाड़ी जीतकर लाते हैं, तो फिर आगामी कॉमनवेल्थ गेम्स का आयोजन गुजरात की बजाय हरियाणा में क्यों नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने आगामी कॉमनवेल्थ गेम्स को हरियाणा के भिवानी में आयोजित कराने की मांग उठाई और कहा कि जजपा भिवानी में खेल आयोजन कराने के पक्ष में है।
भाजपा पर साधा निशाना, भविष्य के गठबंधन पर कही यह बात
भविष्य में जजपा के भाजपा के साथ जाने के सवाल पर दिग्विजय चौटाला ने कहा कि भाजपा के साथ जाना जजपा की बड़ी भूल थी, जिसे भविष्य में कभी नहीं दोहराया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा का एजेंडा बांटकर राज करने का रहा है, जबकि जजपा किसान, कमेरा और मजदूरों के हकों को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है।
उन्होंने आगे कहा कि मौजूदा हालात में भाजपा का सूपड़ा साफ होना देशहित में है। दिग्विजय ने आरोप लगाया कि भाजपा ने देश में अराजकता का माहौल बनाया है और वह संविधान को खत्म करके मनमानी करना चाहती है, जिसे जजपा होने नहीं देगी। उनके अनुसार, देश में लोकतंत्र बचाने के लिए सड़कों पर उतरने और आंदोलनों के कारण विदेशों में भी देश की छवि प्रभावित हुई है।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष जितेंद्र शर्मा, हल्का अध्यक्ष एडवोकेट अवतार सांगवान, प्रवक्ता राजू मेहरा, मदनलाल जुसवाला, इनसो अध्यक्ष जयदीप ग्रेवाल, सज्जन प्रजापत, विकास तालू, अशोक सिहाग, सिद्धार्थ टाइगर, आशु वाल्मिकी और अजमेर मिताथल सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

